आरा (भोजपुर)। बिहार के भोजपुर जिले से रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ मानवता को ताक पर रखकर एक नाबालिग लड़की को छह दिनों तक बंधक बनाकर उसके साथ दरिंदगी की गई। आरोप है कि गांव के ही एक युवक ने हथियार के बल पर किशोरी का अपहरण किया और अपने ही घर में कैद कर लिया। इस घिनौने कृत्य में आरोपी का पिता भी मददगार बना रहा। पीड़िता किसी तरह चंगुल से छूटकर भागी, जिसके बाद मामले का खुलासा हुआ।
हथियार के बल पर घर से उठाया
जानकारी के अनुसार, घटना भोजपुर जिले के एक गांव की है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह घर से शौच के लिए बाहर निकली थी। इसी दौरान गांव के ही एक युवक ने उसे रास्ते में घेर लिया। आरोपी ने सिर पर हथियार सटा दिया और शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी। डरी-सहमी किशोरी को आरोपी जबरन खींचकर अपने घर ले गया।
6 दिनों तक घर में कैद, पिता बना रहा पहरेदार
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी उसे 6 दिनों तक एक कमरे में बंद रखकर उसके साथ बार-बार दुष्कर्म करता रहा। इस दौरान आरोपी का पिता भी इस अपराध में बराबर का भागीदार रहा। पिता न सिर्फ इस करतूत को संरक्षण दे रहा था, बल्कि बाहर पहरा भी देता रहा ताकि लड़की भाग न सके या किसी को भनक न लगे।
मौका पाकर भागी पीड़िता, पुलिस को सुनाई आपबीती
बीते 6 दिनों से नारकीय यातनाएं झेल रही किशोरी ने हार नहीं मानी। मौका मिलते ही वह आरोपी के घर से भाग निकली और सीधे थाने पहुंची। पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। किशोरी का मेडिकल परीक्षण कराया गया है, जिसमें शुरुआती तौर पर दुष्कर्म की पुष्टि की बात सामने आ रही है।
“किशोरी के बयान पर केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। जल्द ही पिता-पुत्र सलाखों के पीछे होंगे।”
स्थानीय पुलिस अधिकारी


