सीतामढ़ी में 14 वर्षीय किशोर की निर्मम हत्या, ईंट से कूचकर मारने के बाद तेजाब से पहचान मिटाने की कोशिश!

सीतामढ़ी: बिहार के सीतामढ़ी जिले से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। चोरौत थाना क्षेत्र के भंटाबाड़ी गांव के सरेह से 14 वर्षीय किशोर का शव मिलने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान मोहम्मद तौफीक के रूप में हुई है। प्रथम दृष्टया मामला हत्या का माना जा रहा है।

ईंट से कूचकर हत्या की आशंका

स्थानीय लोगों और पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार अपराधियों ने पहले किशोर की बेरहमी से हत्या की और फिर उसकी पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव को तेजाब से जलाने की कोशिश की। शव की स्थिति देखकर आशंका जताई जा रही है कि हमलावरों ने ईंट से सिर और शरीर पर वार कर हत्या को अंजाम दिया।

शव मिलने से इलाके में हड़कंप

शनिवार सुबह सरेह में किशोर का शव मिलने की खबर फैलते ही आसपास के गांवों के लोग मौके पर जुट गए। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

परिजन शरीफुल शेख ने दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी से कड़ी सजा की मांग की है।

पुलिस ने शुरू की जांच

ग्रामीणों की सूचना पर चोरौत थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सीतामढ़ी सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने में लगी है और हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।

अभी तक नहीं मिला आवेदन

पुलिस के अनुसार अब तक मृतक के परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है, लेकिन मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अपने स्तर पर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण और हत्या की पूरी साजिश का खुलासा होने की उम्मीद है।

पुलिस का बयान

“घटना से जुड़े हर बिंदु की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। अभी तक परिजनों की ओर से कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है, लेकिन पुलिस अपने स्तर से जांच कर रही है।”
सुनीता कुमारी, डीएसपी

गांव में दहशत का माहौल

किशोर की हत्या जिस क्रूरता से की गई है, उसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है। लोग पुलिस से जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और मामले के खुलासे की मांग कर रहे हैं।

  • ये भी पढ़े..

    भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में पवन सिंह की एंट्री, बोले- “न्याय होता हुआ दिखना भी जरूरी”, उच्चस्तरीय जांच की मांग

    Share Add as a preferred…

    इंस्टाग्राम पर दो पिस्टल लहराकर बना रहा था रील, वायरल वीडियो के बाद एक्शन में आई पुलिस

    Share Add as a preferred…