गया में रिश्वतखोर राजस्व कर्मचारी सस्पेंड, डीएम शशांक शुभंकर ने की सख्त कार्रवाई

गया (बिहार)। जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ जिला प्रशासन ने एक बार फिर जीरो टॉलरेंस की नीति पर बड़ा एक्शन लिया है।

फतेहपुर अंचल कार्यालय में पदस्थापित राजस्व कर्मचारी रवि कुमार को रिश्वत लेने के आरोप में डीएम शशांक शुभंकर ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।


व्हाट्सएप पर मिली थी शिकायत, ऑडियो से हुआ खुलासा

गया डीएम को व्हाट्सएप के जरिए एक ऑडियो क्लिप प्राप्त हुई थी, जिसमें आरोप लगाया गया था कि राजस्व कर्मचारी रवि कुमार ने राजस्व कार्यों के निष्पादन के लिए ₹15,000 की रिश्वत मांगी थी। डीएम द्वारा ऑडियो सुने जाने के बाद मामला प्रथम दृष्ट्या सही पाया गया, जिसके बाद तत्काल कार्रवाई की गई।


फोन-पे से ली गई थी रिश्वत की रकम

जांच में सामने आया कि रवि कुमार ने अपने दलाल अजय कुमार के माध्यम से पीड़ित पिंटू यादव से फोन-पे (PhonePe) के जरिए ₹15,000 रिश्वत ली थी। डीएम ने इस पूरे मामले की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं ताकि पूरी साजिश का खुलासा हो सके।


टिकारी अंचल में भेजा गया निलंबित कर्मचारी

डीएम शशांक शुभंकर ने आदेश जारी करते हुए कहा कि

“राजस्व कर्मचारी रवि कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाता है और निलंबन अवधि में उन्हें टिकारी मुख्यालय अंचल में रखा जाएगा।”

इस कार्रवाई के बाद से गया जिला प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मचा हुआ है।


डीएम बोले – भ्रष्टाचार पर सख्त एक्शन जारी रहेगा

डीएम शशांक शुभंकर ने कहा,

“जिला प्रशासन जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रहा है। किसी भी व्यक्ति द्वारा रिश्वत लेने या जनता को परेशान करने की शिकायत मिलने पर तुरंत जांच कर कठोर कार्रवाई की जाएगी।”


पहले भी हुई थी कार्रवाई

यह कोई पहला मामला नहीं है। 30 सितंबर को भी डोभी अंचल कार्यालय के राजस्व कर्मचारी सन्नी कुमार के खिलाफ शिकायत मिलने के 24 घंटे के अंदर डीएम ने निलंबन की कार्रवाई की थी। लगातार हो रही ये कार्रवाइयाँ संकेत देती हैं कि गया प्रशासन भ्रष्टाचार के खिलाफ पूरी तरह सख्त रुख अपनाए हुए है।

  • Related Posts