
बिहार के सीतामढ़ी में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पुपरी नगर परिषद के जूनियर इंजीनियर विजय कुमार शर्मा उर्फ गोपाल कुमार को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई के बाद नगर परिषद कार्यालय में हड़कंप मच गया।
संवेदक राज भूषण कुमार ने निगरानी विभाग से शिकायत की थी कि JE विकास कार्यों और भुगतान से जुड़ी फाइल आगे बढ़ाने के बदले 1 लाख 45 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा है। शिकायत की सत्यता जांचने के बाद निगरानी विभाग ने जाल बिछाया।
जैसे ही आरोपी JE रिश्वत की रकम ले रहा था, निगरानी टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। मौके से पूरी रिश्वत राशि बरामद कर ली गई। कार्रवाई के दौरान कार्यालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
डीएसपी पवन कुमार ने बताया कि शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई की गई। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया जा रहा है और उससे जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच होगी।
“एक संवेदक राज भूषण कुमार के द्वारा शिकायत दर्ज करायी गयी थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए जाल बिछाकर कार्रवाई की गयी और पैसों के साथ जेई गोपाल कुमार गिरफ्तार किया गया।”
— पवन कुमार, डीएसपी, निगरानी
स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर परिषद कार्यालय में लंबे समय से भ्रष्टाचार की शिकायतें मिल रही थीं और बिना पैसे फाइल आगे नहीं बढ़ती थी। ऐसे में निगरानी विभाग की यह कार्रवाई लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है।


