खास मुलाकात: पद्मश्री मनोज बाजपेयी ने बिहार फिल्म प्रोत्साहन नीति की सराहना की; कहा- शूटिंग लोकेशन और ट्रेनिंग से युवाओं को मिलेंगे बड़े अवसर
वॉइस ऑफ बिहार (पटना)
बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता और पद्मश्री मनोज बाजपेयी मंगलवार को पटना स्थित बिहार संग्रहालय (बिहार म्यूजियम) पहुंचे। इस दौरान उन्होंने संग्रहालय की भव्यता और बिहार की ऐतिहासिक विरासत को करीब से देखा। बिहार सरकार की फिल्म नीति पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि बिहार अब सिर्फ साहित्य और लोककला तक सीमित नहीं है, बल्कि फिल्म निर्माण और थिएटर के क्षेत्र में भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी धाक जमाने के लिए तैयार है।
बिहार फिल्म प्रोत्साहन नीति से जगी नई उम्मीद
मनोज बाजपेयी ने बिहार फिल्म प्रोत्साहन नीति को राज्य के लिए एक ‘गेम चेंजर’ बताया। उन्होंने कहा, “मैं इस नीति के निर्माण की शुरुआत से ही जुड़ा रहा हूं। अब यह पूरे देश के फिल्म निर्माताओं को बिहार की ओर आकर्षित कर रही है। अगर राज्य में बेहतर शूटिंग लोकेशन्स, तकनीकी संसाधन और प्रशिक्षण संस्थान विकसित होते हैं, तो स्थानीय प्रतिभाओं को मुंबई जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी, उन्हें यहीं बड़े अवसर मिलेंगे।”
इतिहास के गलियारों में खोए ‘भीखू म्हात्रे’
भ्रमण के दौरान मनोज बाजपेयी ने पाषाण काल से लेकर मौर्य, गुप्त और मुगल काल तक की ऐतिहासिक यात्रा को मूर्तियों, औजारों और बर्तनों के माध्यम से समझा। उन्होंने बिहार म्यूजियम की आधुनिकता और परंपरा के संगम की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह संग्रहालय भारतीय सभ्यता को जीवंत रूप में प्रस्तुत करता है।
बच्चों के लिए की विशेष अपील
मनोज बाजपेयी ने कला एवं संस्कृति विभाग से एक खास आग्रह भी किया। उन्होंने कहा कि दूर-दराज के इलाकों में रहने वाले स्कूली बच्चों को विशेष रूप से बिहार म्यूजियम का भ्रमण कराया जाना चाहिए। इससे नई पीढ़ी अपने राज्य के गौरवशाली इतिहास और सांस्कृतिक धरोहर को गहराई से समझ सकेगी।
विभागीय सचिव से फिल्म विकास पर चर्चा
इस मौके पर कला एवं संस्कृति विभाग के सचिव प्रणव कुमार ने अभिनेता के साथ फिल्म नीति के क्रियान्वयन पर विस्तृत चर्चा की। सचिव ने कहा कि बिहार अब फिल्मी मानचित्र पर अपनी नई पहचान बना रहा है, जिससे स्थानीय कलाकारों और निर्माताओं को सीधा लाभ मिलेगा।
भ्रमण के दौरान बिहार म्यूजियम के महानिदेशक अंजनी कुमार सिंह भी उपस्थित रहे, जिन्होंने अभिनेता को संग्रहालय की विशिष्टताओं से अवगत कराया।


