
गया: 1 मई को बिहार के मुख्यमंत्री के संभावित एक दिवसीय दौरे को लेकर गया और बोधगया में प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। प्रस्तावित कार्यक्रमों को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन और पार्किंग की तैयारियों की गहन समीक्षा की जा रही है।
इसी क्रम में सोमवार को वरीय पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार, नगर पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार सहित अन्य पुलिस अधिकारियों ने विष्णुपद मंदिर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मंदिर के प्रवेश एवं निकास द्वार, गर्भगृह, देवघाट, गलियारे, पूजा स्थल और प्रबंधकारिणी समिति कार्यालय की सुरक्षा व्यवस्था का विस्तृत जायजा लिया गया।
प्रशासन ने मंदिर मार्ग पर स्थित दुकानों, होटलों, धर्मशालाओं और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी को और सख्त करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन और पार्किंग व्यवस्था को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री का विष्णुपद मंदिर में पूजा-अर्चना करने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। इसके बाद वे बोधगया स्थित राज्य अतिथि निवास में ठहर सकते हैं, जहां महाबोधि कॉरिडोर और गया विष्णुपद कॉरिडोर परियोजनाओं की समीक्षा की जाएगी।
इन दोनों महत्वाकांक्षी परियोजनाओं की प्रारंभिक समीक्षा पहले पटना में हो चुकी है, जहां विभिन्न मॉडल प्रस्तुत किए गए थे। अब उम्मीद है कि इस दौरे के दौरान इन योजनाओं को लेकर आगे की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लिए जा सकते हैं।


