भागलपुर, 24 अक्टूबर 2025।बिहार विधानसभा चुनाव के बीच भागलपुर से सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बरारी थाना क्षेत्र के टीएनबी लॉ कॉलेज गली के पास शुक्रवार को दिनदहाड़े भाजपा नेता विवेकानंद प्रसाद उर्फ बबलू यादव पर जानलेवा हमला किया गया।
जानकारी के अनुसार, बबलू यादव अपने घर की छत पर टहल रहे थे, तभी सुर्खिकल निवासी सूरज तांती अपने साथियों के साथ हथियार लेकर वहां पहुंचा और उन पर दो राउंड फायरिंग की।
गोली लगने से भाजपा नेता बबलू यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, इस हमले के पीछे पुराना विवाद बताया जा रहा है। कुछ दिन पहले पास के फल दुकानदार देवानंद और सूरज तांती के बीच झगड़ा हुआ था, जिसकी जानकारी बबलू यादव ने स्थानीय थाना को दी थी। बताया जाता है कि उस दौरान पुलिस ने देवानंद को गिरफ्तार कर लिया था। इसी बात को लेकर सूरज तांती ने बदला लेने की नीयत से हमला किया।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल हो गया। आसपास के लोगों ने तुरंत घायल भाजपा नेता को अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। घटना का पूरा वीडियो सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है, जिसके आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है।
बरारी थाना पुलिस ने बताया कि आरोपी सूरज तांती और उसके साथियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी संभावित ठिकानों पर तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।


