
पटना।बिहार के युवाओं ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए राष्ट्रीय मंच पर शानदार प्रदर्शन किया है। इंडिया स्किल्स 2025-26 नेशनल प्रतियोगिता में बिहार के प्रतिभागियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कुल 8 मेडल अपने नाम किए हैं, जिसमें 3 गोल्ड, 2 सिल्वर और 3 ब्रॉन्ज शामिल हैं। इस उपलब्धि ने राज्य को राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है।
नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो मार्ट में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के समापन समारोह में बिहार सरकार के युवा, रोजगार एवं कौशल विकास मंत्री संजय सिंह (टाइगर) शामिल हुए। उन्होंने विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और इस उपलब्धि को बिहार के लिए ऐतिहासिक बताया।
तकनीकी क्षेत्रों में दिखा बिहार का जलवा
प्रतियोगिता में बिहार के युवाओं ने आधुनिक और तकनीकी क्षेत्रों में अपनी मजबूत पकड़ दिखाई। गोल्ड मेडल रेफ्रिजरेशन एंड एयर कंडीशनिंग, सॉफ्टवेयर एप्लीकेशन और क्लाउड कंप्यूटिंग जैसे क्षेत्रों में हासिल हुए। वहीं पेंटिंग एंड डेकोरेटिंग और मोबाइल एप्लीकेशन डेवलपमेंट में प्रतिभागियों ने सिल्वर मेडल जीते।
इसके अलावा मोबाइल एप्लीकेशन डेवलपमेंट, एयरक्राफ्ट मेंटेनेंस और कार पेंटिंग जैसे क्षेत्रों में ब्रॉन्ज मेडल हासिल कर प्रतिभागियों ने अपनी बहुमुखी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
वर्ल्ड स्किल्स चैंपियनशिप में भारत का करेंगे प्रतिनिधित्व
इस प्रतियोगिता में मेडल जीतने वाले प्रतिभागियों को अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा। ये सभी विजेता चीन के शंघाई में आयोजित होने वाली वर्ल्ड स्किल्स चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे, जो बिहार के लिए गर्व की बात है।

सरकार की नीतियों से मजबूत हो रहा स्किल इकोसिस्टम
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री संजय सिंह ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की पहल से बिहार में कौशल विकास का वातावरण तेजी से मजबूत हो रहा है। उन्होंने बताया कि उद्योग आधारित प्रशिक्षण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, जिससे युवाओं को आधुनिक तकनीक के अनुरूप तैयार किया जा सके और उन्हें बेहतर रोजगार के अवसर मिलें।
उन्होंने यह भी कहा कि बिहार के युवा अब सिर्फ स्थानीय स्तर पर ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बना रहे हैं।
कौशल विकास को लेकर उच्चस्तरीय चर्चा
समारोह से पहले मंत्री संजय सिंह ने कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जयंत चौधरी से मुलाकात की। इस दौरान बिहार में कौशल विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण और युवाओं को वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करने जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
इस मौके पर बिहार कौशल विकास मिशन के प्रबंध निदेशक मनीष शंकर सहित कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
युवाओं के लिए नए अवसरों के द्वार खुले
बिहार के युवाओं की इस सफलता से यह स्पष्ट है कि राज्य में कौशल विकास के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयास रंग ला रहे हैं। आने वाले समय में इससे न केवल युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर मिलेंगे, बल्कि बिहार देश और दुनिया में अपनी नई पहचान भी स्थापित करेगा।


