बिहार में राज्यसभा चुनाव के लिए मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब मतगणना शुरू हो चुकी है। शुरुआती अपडेट के अनुसार राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के सभी पांचों उम्मीदवारों की जीत लगभग तय मानी जा रही है। हालांकि औपचारिक परिणाम घोषित होने में अभी कुछ समय लग सकता है।
सभी 239 वोट पाए गए वैध
राज्यसभा चुनाव में बिहार विधानसभा के कुल 243 विधायकों को मतदान करना था। लेकिन राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के एक और कांग्रेस के तीन विधायक मतदान में शामिल नहीं हुए। इस कारण कुल 239 विधायकों ने ही अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
मतगणना शुरू होने के बाद सबसे पहले सभी वोटों की जांच की गई। विधानसभा सचिवालय से मिली जानकारी के अनुसार सभी 239 वोट वैध पाए गए हैं। यानी किसी भी वोट को अमान्य नहीं घोषित किया गया और सभी वोटों की गिनती की जा रही है।
पहली वरीयता के मतों में एनडीए को बढ़त
जानकारी के मुताबिक पहली वरीयता के मतों की गिनती भी शुरू हो चुकी है। शुरुआती रुझानों में एनडीए के सभी उम्मीदवारों को बढ़त मिलती दिखाई दे रही है।
एनडीए की जीत लगभग तय
दरअसल इस चुनाव में एनडीए के कुल 202 विधायकों ने वोट डाला है। राज्यसभा चुनाव में जीत के लिए किसी भी उम्मीदवार को कम से कम 41 वोटों की आवश्यकता होती है।
अब तक की गिनती में एनडीए के चार उम्मीदवारों को 41-41 वोट मिले हैं, जबकि पांचवें उम्मीदवार को 38 वोट प्राप्त हुए हैं। दूसरी ओर आरजेडी के उम्मीदवार एडी सिंह को केवल 37 वोट ही मिले हैं।
इसके अलावा एनडीए के पांचवें उम्मीदवार को दूसरी वरीयता के भी काफी मत मिले हैं, जिससे उनकी जीत और मजबूत हो गई है। अब सभी की नजरें सिर्फ आधिकारिक घोषणा पर टिकी हैं।

