
पटना, 22 जुलाई: बिहार के सभी प्रारंभिक विद्यालयों में 25 जुलाई को अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी आयोजित की जाएगी। इस वर्ष संगोष्ठी की थीम ‘समावेशी शिक्षा: हमारा हर बच्चा महत्वपूर्ण’ रखी गई है। कार्यक्रम का उद्देश्य अभिभावकों और समुदाय के बीच समावेशी शिक्षा की अवधारणा को मजबूत करना तथा प्रत्येक बच्चे के सर्वांगीण विकास के लिए साझी जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है।
बच्चों के लिए अनुकूल माहौल बनाने पर जोर
शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि अभिभावक और शिक्षक मिलकर ऐसा वातावरण तैयार करें, जहां हर बच्चा सम्मान, सुरक्षा और आत्मविश्वास के साथ सीख सके। उन्होंने सभी विद्यालयों को संगोष्ठी का प्रभावी आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
बच्चों की पढ़ाई और विकास पर होगी चर्चा
संगोष्ठी के दौरान विद्यालयों में वर्गवार बैठकें आयोजित की जाएंगी। इनमें अभिभावकों और शिक्षकों के बीच बच्चों की शैक्षणिक प्रगति, नियमित उपस्थिति, स्वास्थ्य एवं पोषण, घर पर पढ़ाई का माहौल और सीखने में सहयोग जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा होगी।
इसके अलावा विशेष आवश्यकता वाले बच्चों की शिक्षा और उनके प्रति संवेदनशील व्यवहार पर भी विशेष संवाद किया जाएगा।
अधिक से अधिक अभिभावकों की भागीदारी का लक्ष्य
शिक्षा विभाग ने अधिक से अधिक अभिभावकों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सभी संबंधित अधिकारियों को विद्यालयों को आवश्यक सहयोग और मार्गदर्शन उपलब्ध कराने को कहा गया है, ताकि कार्यक्रम का सफल आयोजन हो सके।
(यह समाचार शिक्षा विभाग, बिहार सरकार द्वारा जारी आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति पर आधारित है।)


