बिहार विधान परिषद में विनियोग विधेयक 2026 पास, होली से पहले कर्मचारियों को मिलेगा फरवरी का वेतन

पटना: बिहार विधान परिषद में मंगलवार को विनियोग विधेयक 2026 पर चर्चा के बाद इसे पारित कर दिया गया। राज्य के वित्त मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने सदन में विधेयक पेश किया। चर्चा के दौरान उन्होंने घोषणा की कि राज्य के सभी सरकारी कर्मचारियों को होली से पहले ही फरवरी महीने का वेतन दे दिया जाएगा।

‘सरकार की माली हालत पूरी तरह ठीक’

विपक्ष द्वारा लगातार राज्य सरकार की आर्थिक स्थिति पर सवाल उठाए जा रहे हैं। इस पर जवाब देते हुए वित्त मंत्री ने कहा कि सरकार की वित्तीय स्थिति पूरी तरह मजबूत है और किसी को भी भ्रम फैलाने की जरूरत नहीं है।

उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सरकारी कर्मचारियों को तो होली से पहले वेतन मिल जाएगा, लेकिन वे कोशिश करेंगे कि विपक्षी सदस्यों को वेतन न मिले। इस बयान पर सदन में ठहाके भी लगे।

तेजस्वी यादव के बयान पर पलटवार

नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने हाल ही में बयान दिया था कि राज्य सरकार की आर्थिक स्थिति खराब है और कर्मचारियों को वेतन मिलने में दिक्कत हो सकती है।

इस पर वित्त मंत्री ने दोहराया कि सरकार की माली हालत मजबूत है और वर्ष 2030 तक बिहार को विकसित राज्य बनाने का लक्ष्य तय किया गया है। उन्होंने राज्य में चल रही विकास योजनाओं का भी उल्लेख किया।

353045 करोड़ रुपये की निकासी को मंजूरी

विनियोग विधेयक 2026 पारित होने के साथ ही सरकार को वित्त वर्ष 2026-27 के लिए राज्य की समेकित निधि से 3,53,045 करोड़ रुपये निकालने की अनुमति मिल गई है।

  • 2,88,733 करोड़ रुपये राजस्व व्यय के लिए
  • 64,311 करोड़ रुपये पूंजीगत व्यय के लिए

होली से पहले वेतन की परंपरा

बिहार सरकार की ओर से पर्व-त्योहार के अवसर पर कर्मचारियों को अग्रिम वेतन देने की परंपरा रही है। इस वर्ष होली 4 मार्च को है और फरवरी माह 28 फरवरी को समाप्त हो रहा है। ऐसे में कर्मचारियों को समय से पहले वेतन मिलना तय है। वित्त मंत्री ने सदन में इसकी औपचारिक घोषणा भी कर दी है।


 

  • Related Posts

    गरीबी और डर को हराकर सफलता की ओर – नक्सल प्रभावित इलाके से बिहार पुलिस तक: अमित कुमार की प्रेरक कहानी

    Share Add as a preferred…

    Continue reading