पटना: बिहार विधानसभा चुनाव का परिणाम 14 नवंबर को आने वाला है, लेकिन उससे पहले ही जहानाबाद सीट को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है।
राजद सांसद डॉ. सुरेंद्र प्रसाद यादव ने जेडीयू प्रत्याशी मनोरमा देवी पर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा —
“मनोरमा देवी मेरी बेटी तुल्य हैं, लेकिन जनता ने मेरे बेटे को आशीर्वाद दिया है।”
उनके इस बयान से चुनावी माहौल और भी दिलचस्प हो गया है।
आरजेडी सांसद के बेटे की किस्मत का फैसला कल
जहानाबाद के सांसद डॉ. सुरेंद्र प्रसाद यादव की राजनीतिक परीक्षा भी इस बार दांव पर है। उन्होंने अपनी पुरानी सीट बेलागंज (जहां से वे 32 साल तक लगातार विधायक रहे) से अपने पुत्र डॉ. विश्वनाथ कुमार सिंह को राजद के टिकट पर उतारा है। इस सीट पर उनका सीधा मुकाबला जेडीयू प्रत्याशी मनोरमा देवी से है।
जब पत्रकारों ने पूछा कि मनोरमा देवी जीत का दावा कर रही हैं, तो उन्होंने मुस्कराते हुए कहा —
“मनोरमा देवी मेरी बेटी है, जीत का दावा कर रही हैं तो मैं उनकी बात नहीं काटूंगा। जनता ने मेरे बेटे को आशीर्वाद दिया है। पुत्र मोह में मैं अपनी बेटी की बात नहीं काटूंगा।”
मनोरमा देवी पर तंज भरा बयान
सुरेंद्र यादव ने कहा कि वह पुत्र मोह में नहीं हैं, बल्कि जनता के फैसले का इंतजार कर रहे हैं।
“जनता ने जिसे आशीर्वाद दिया होगा, वही जीत दर्ज करेगा। अगर मनोरमा देवी खुद की जीत बता रही हैं, तो उसके लिए शुभकामना है।”
उन्होंने यह भी जोड़ा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि जनता ने तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनाने के लिए मतदान किया है।
‘बदलाव के लिए हुआ रिकॉर्ड मतदान’
राजद सांसद ने कहा कि इस बार बिहार में रिकॉर्ड वोटिंग हुई है, और यह “बदलाव की निशानी” है।
“जनता ने रोटी, रोजगार और नौकरी के लिए वोट किया है।” हालांकि उन्होंने आरोप लगाया कि एनडीए ने सत्ता के दुरुपयोग की रूपरेखा पहले से तैयार कर रखी है।
विजय सिन्हा पर तंज
राजद सांसद ने उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा पर निशाना साधते हुए कहा —
“उनके क्षेत्र में चुनाव के दौरान क्या-क्या नहीं पकड़ा गया है। वह हताशा में हैं।”
साथ ही उन्होंने एग्जिट पोल को “फर्जी माहौल बनाने की कोशिश” बताया और कहा कि
“दिल्ली में बैठकर मीडिया वाले हवा बना रहे हैं, लेकिन असली फैसला जनता ने दे दिया है।”
दिल्ली ब्लास्ट पर पीएम मोदी पर हमला
राजद सांसद ने दिल्ली ब्लास्ट का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधा —
“देश में बम फटा और प्रधानमंत्री विदेश दौरे पर चले गए। पहले देश के हालात देखना चाहिए था। जनता अब जाग चुकी है और तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बना देगी।”
गया में निष्पक्ष मतदान
सुरेंद्र यादव ने कहा कि गया जिले में मतदान पूरी तरह निष्पक्ष रहा।
“जब तक कुछ गलत नजर नहीं आता, तब तक किसी पर आरोप लगाना सही नहीं। मतगणना भी निष्पक्ष हो, इसके लिए हम पूरी तरह तैयार हैं।”


