बिहार चुनाव 2025: भागलपुर में मतदान केंद्रों की तैयारी तेज, रैंप और चार्जिंग प्वाइंट की व्यवस्था युद्धस्तर पर

भागलपुर, 26 अक्टूबर 2025। बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 को लेकर जिला प्रशासन ने मतदान केंद्रों की तैयारी तेज कर दी है। जिले के सातों विधानसभा क्षेत्रों में मतदान केंद्रों पर रैंप, बिजली कनेक्शन और सूचना अंकन का कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी के निर्देश पर सभी मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की सुविधा और सुचारू मतदान के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, प्रत्येक मतदान केंद्र पर केंद्र संख्या, कुल मतदाताओं की संख्या, महिला और पुरुष मतदाताओं की संख्या स्पष्ट रूप से अंकित की जा रही है ताकि मतदाताओं को जानकारी आसानी से मिल सके।

डीएम ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि दिव्यांग और वृद्ध मतदाताओं की सुविधा के लिए हर केंद्र पर रैंप की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही मतदान कर्मियों और ईवीएम चार्जिंग की सुविधा के लिए पर्याप्त बिजली सॉकेट और बैकअप व्यवस्था भी की जा रही है।

निर्वाचन विभाग ने बताया कि सभी पोलिंग स्टेशनों की आधारभूत सुविधाओं की समीक्षा की जा रही है और जिन केंद्रों पर कमियां पाई जा रही हैं, वहां तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई की जा रही है।

प्रशासन का लक्ष्य है कि 6 और 11 नवंबर को होने वाले मतदान के दौरान मतदाताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो और चुनाव पूरी तरह निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और सुविधाजनक माहौल में संपन्न कराया जा सके।


 

  • Related Posts

    अररिया में ‘विकास’ का महा-धमाका! समृद्धि यात्रा में CM नीतीश ने दी ₹546 करोड़ की सौगात; पुल, फ्लाईओवर और डेयरी प्रोजेक्ट से बदलेगी सीमांचल की सूरत

    Share Add as a preferred…

    Continue reading