बिहार चुनाव 2025: भाजपा की दो दिवसीय कोर कमेटी बैठक शुरू, उम्मीदवार चयन और रणनीति पर मंथन

पटना। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। सभी दल अपनी चुनावी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। इसी क्रम में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने भी अपनी रणनीति को धार देने के लिए दो दिवसीय कोर कमेटी बैठक की शुरुआत की है। यह बैठक 24 और 25 सितंबर को पटना स्थित प्रदेश कार्यालय में आयोजित की जा रही है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने बताया कि बैठक का मुख्य उद्देश्य जिलावार समीक्षा, उम्मीदवार चयन और चुनावी रणनीति को अंतिम रूप देना है। बैठक में सभी जिलों से प्रमुख नेताओं और पदाधिकारियों को बुलाया गया है ताकि सभी की राय लेकर आगे की रणनीति तैयार की जा सके।

उम्मीदवार चयन प्रक्रिया पर फोकस

इस बार भाजपा के पास उम्मीदवारों की लंबी लिस्ट है। पार्टी दफ्तर में अब तक 6 हजार से अधिक लोगों का बायोडाटा पहुंचा है। इनमें से कुछ नामों को शॉर्टलिस्ट कर चर्चा की जा रही है।
बैठक के पहले दिन आधे जिलों के नेता शामिल हुए, जबकि दूसरे दिन शेष जिलों की समीक्षा होगी। हर जिले से 20–25 नेता बैठक में मौजूद हैं।

नए चेहरों को मिलेगा मौका

भाजपा सूत्रों के अनुसार, इस बार पार्टी 70 वर्ष से अधिक उम्र वाले नेताओं को टिकट नहीं देने की तैयारी में है। साथ ही ऐसे नेताओं को भी प्राथमिकता से बाहर रखा जाएगा जिनका स्थानीय स्तर पर विरोध है या जो क्षेत्र में सक्रिय नहीं हैं।
इसके बजाय संगठन से लंबे समय से जुड़े नए और युवा चेहरों को मैदान में उतारा जाएगा।

बूथ सशक्तिकरण और कार्यकर्ताओं की राय अहम

बैठक का मुख्य फोकस बूथ स्तर पर मजबूती, एनडीए सरकार के कार्यों को जनता तक पहुंचाने और स्थानीय समीकरणों के आधार पर टिकट वितरण पर है। पार्टी यह सुनिश्चित करना चाहती है कि वास्तविक कार्यकर्ताओं और संगठन से जुड़े नेताओं को वरीयता मिले।

निर्णायक चरण मानी जा रही बैठक

बैठक में भाजपा के शीर्ष नेतृत्व, प्रदेश अध्यक्ष, दोनों उपमुख्यमंत्री, सांसद, विधायक, विधान पार्षद, पूर्व जिलाध्यक्ष और वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद हैं। माना जा रहा है कि इस बैठक में भाजपा उम्मीदवारों की सूची को लगभग अंतिम रूप दे देगी, जिसे केंद्रीय नेतृत्व के पास भेजा जाएगा।

कई मौजूदा विधायकों की टिकट कटने की भी संभावना है। ऐसे नेताओं को पार्टी मार्गदर्शक मंडल या संगठन में अन्य भूमिका दे सकती है। अब सबकी निगाहें इस बैठक के निष्कर्ष पर टिकी हैं कि भाजपा बिहार में कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगी और किसे टिकट मिलेगा

Related Posts

शहीद दिवस पर PM मोदी का ‘संसद’ से बड़ा संदेश— “जंग के साये में घबराएं नहीं, एकजुट रहें; भारत के पास है तेल और खाद का ‘बंपर’ स्टॉक”

HIGHLIGHTS: पश्चिम एशिया युद्ध के…

Continue reading