बिहार चुनाव 2025: भाजपा ने सभी 101 उम्मीदवारों के नाम फाइनल किए, केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में मुहर

पटना/दिल्ली। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए भाजपा ने अपने सभी 101 उम्मीदवारों के नाम तय कर लिए हैं। रविवार को दिल्ली में भाजपा केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में इन नामों पर अंतिम मुहर लगी। बैठक की अध्यक्षता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने की, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह भी मौजूद रहे।

सूची जल्द ही पार्टी द्वारा जारी की जाएगी।


दो दिन चली मंथन बैठक, एक-एक नाम पर हुआ विश्लेषण

सूत्रों के अनुसार, यह प्रक्रिया दो दिनों तक चली। शनिवार को जेपी नड्डा के आवास पर सात घंटे तक चली बैठक में सभी संभावित उम्मीदवारों के नाम पर गहन चर्चा हुई। इसके बाद रविवार को दो चरण में बैठकें हुईं।
पहली बैठक में भाजपा बिहार कोर कमेटी के नेतागण शामिल थे, जिसमें अमित शाह भी मौजूद रहे। इसके बाद शाम लगभग साढ़े छह बजे केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक हुई, जिसमें अंतिम निर्णय लिया गया।


115 सीटों के पैनल से चुने गए उम्मीदवार

भाजपा बिहार चुनाव समिति ने 115 विधानसभा सीटों के लिए तीन-तीन नामों का पैनल बनाया था। केंद्रीय चुनाव समिति ने इन पैनलों की समीक्षा करने के बाद अंतिम सूची में 101 उम्मीदवारों को फाइनल किया। पार्टी सूत्रों ने बताया कि सूची में कई मौजूदा विधायकों के नाम कट गए हैं।


बैठक में प्रमुख नेताओं की मौजूदगी

बैठक में शामिल नेताओं में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीश, बिहार भाजपा चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान, बिहार प्रभारी विनोद तावड़े, केंद्रीय गृहराज्य मंत्री नित्यानंद राय, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा शामिल थे।


विशेषज्ञों के अनुसार, भाजपा द्वारा सभी 101 उम्मीदवारों के नाम फाइनल करना चुनावी तैयारी को अंतिम रूप देने और रणनीतिक रूप से समय रहते प्रचार अभियान शुरू करने की दिशा में बड़ा कदम है। अब पार्टी उम्मीदवारों के नाम घोषित होते ही निर्वाचन प्रचार तेज होने की संभावना है।


 

  • Related Posts