पटना। बिहार कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एआई जनरेटेड एक वीडियो जारी किया है, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सपने में अपनी मां से डांट खाते हुए दिखाया गया है।
“साहब के सपनों में आई मां” शीर्षक से जारी इस वीडियो में दिखाया गया है कि पीएम मोदी को सपने में उनकी मां कह रही हैं—
“अरे बेटा, पहले तो मुझे नोटबंदी की लंबी लाइनों में खड़ा किया। तुमने मेरे पैर धोने का रील बनवाया। अब बिहार में मेरे नाम पर राजनीति कर रहे हो।”
कांग्रेस मीडिया कोऑर्डिनेटर राजेश राठौड़ ने वीडियो का बचाव करते हुए कहा कि इसमें कुछ भी गलत नहीं है। उन्होंने कहा, “यह केवल मां द्वारा बेटे को सीख देने का चित्रण है।”
भाजपा की कड़ी प्रतिक्रिया
इस वीडियो पर भाजपा ने शुक्रवार को तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की स्वर्गीय माता जी को अपमानित करने का प्रयास निंदनीय है। उन्होंने कहा—
“कांग्रेस को तुरंत माफी मांगनी चाहिए थी, लेकिन इसके बजाय उन्होंने एआई वीडियो जारी कर सार्वजनिक जीवन की मर्यादा की आखिरी डोरी भी तोड़ दी है।”
वीडियो सामने आने के बाद इसे लेकर सोशल मीडिया पर भी राजनीतिक बहस तेज हो गई है।


