पटना: बिहार सरकार की भ्रष्टाचार विरोधी इकाई निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने शनिवार (7 मार्च 2026) को बड़ी कार्रवाई करते हुए सीतामढ़ी जिले के सुरसंड प्रखंड के विकास पदाधिकारी (BDO) कृष्णा राम के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में प्राथमिकी दर्ज की है।
ब्यूरो की ओर से दर्ज प्राथमिकी (कांड संख्या-29/26) के आधार पर उनके विभिन्न ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की जा रही है।
आय से करीब 79 लाख रुपये अधिक संपत्ति का आरोप
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की जांच में सामने आया है कि BDO कृष्णा राम ने अपनी ज्ञात आय के स्रोतों से लगभग 59.8 प्रतिशत अधिक संपत्ति अर्जित की है।
जांच में यह अतिरिक्त संपत्ति करीब 79,56,640 रुपये आंकी गई है। इसी आधार पर उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
चार ठिकानों पर एक साथ छापेमारी
माननीय विशेष न्यायालय, निगरानी पटना से प्राप्त सर्च वारंट के आधार पर ब्यूरो ने चार अलग-अलग तलाशी दल गठित किए।
इन टीमों ने एक साथ कई स्थानों पर छापेमारी की, जिनमें शामिल हैं:
- सीतामढ़ी स्थित सरकारी आवास और कार्यालय
- पूर्वी चंपारण (मोतिहारी) के राजाबाजार स्थित किराये का मकान
- ग्राम टिकैत (तुरकौलिया) स्थित पैतृक आवास
- पटना के लेखा नगर स्थित साई श्याम स्मार्ट सिटी अपार्टमेंट का फ्लैट नंबर 407
तलाशी अभियान जारी
निगरानी ब्यूरो की ओर से जारी जानकारी के अनुसार सभी ठिकानों पर तलाशी की कार्रवाई अभी भी जारी है।
खबर लिखे जाने तक किसी बड़ी बरामदगी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन दस्तावेजों और संपत्तियों की बारीकी से जांच की जा रही है।
भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त रुख
इस कार्रवाई के जरिए निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने भ्रष्टाचार के खिलाफ अपनी शून्य सहिष्णुता (Zero Tolerance) नीति को दोहराया है।
ब्यूरो ने आम लोगों से भी अपील की है कि वे भ्रष्टाचार से जुड़ी किसी भी जानकारी विभाग के साथ साझा करें।
शिकायत के लिए जारी किए हेल्पलाइन नंबर
भ्रष्टाचार की शिकायत के लिए विभाग ने हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं:
- लैंडलाइन: 0612-2215344
- मोबाइल: 7765953261
- व्हाट्सएप: 9473494167


