बिहार बंद हिंसा: सीतामढ़ी में 35 नामजद और 3000 अज्ञात पर FIR, CCTV के आधार पर 15 गिरफ्तार

सीतामढ़ी: NEET पेपर लीक के विरोध में शनिवार को आयोजित बिहार बंद के दौरान सीतामढ़ी में हुई हिंसा, तोड़फोड़ और आगजनी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। डुमरा थाना में 35 नामजद और करीब 3000 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। वहीं, सीसीटीवी फुटेज और वायरल वीडियो के आधार पर अब तक 15 आरोपितों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

समाहरणालय के पास उग्र हुआ प्रदर्शन

पुलिस के अनुसार, छात्रों के प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन को देखते हुए जिला दंडाधिकारी के निर्देश पर शंकर चौक पर पुलिस बल तैनात किया गया था। प्रदर्शन के दौरान छात्रों का जुलूस समाहरणालय की ओर बढ़ा, जहां बड़ी संख्या में अन्य लोग भी भीड़ में शामिल हो गए।

प्राथमिकी के मुताबिक, समाहरणालय परिसर के पास पहुंचने के बाद करीब 3000 लोगों की भीड़ ने उग्र प्रदर्शन किया। इस दौरान सरकारी और सार्वजनिक संपत्तियों को नुकसान पहुंचाया गया। सरकारी योजनाओं से जुड़े बैरिकेड, होर्डिंग, ट्रैफिक पुलिस के पोस्टर और नगर निगम के डस्टबिन तोड़े गए, जबकि कुछ स्थानों पर आगजनी की घटनाएं भी हुईं।

CCTV और वायरल वीडियो से हो रही पहचान

घटना के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की जांच शुरू की। इन्हीं साक्ष्यों के आधार पर अब तक 15 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य आरोपितों की पहचान की जा रही है।

कई थाना क्षेत्रों से हुई गिरफ्तारी

गिरफ्तार आरोपितों में बथनाहा, गाढ़ा, रीगा, पुपरी, पुनौरा, मेहसौल, डुमरा, बेला, बैरगनिया और सीतामढ़ी थाना क्षेत्रों के निवासी शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि जांच आगे बढ़ने के साथ और गिरफ्तारियां भी हो सकती हैं।

3000 अज्ञात लोगों की तलाश जारी

डुमरा थानाध्यक्ष के आवेदन पर दर्ज एफआईआर में सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, आगजनी, तोड़फोड़ और कानून-व्यवस्था भंग करने जैसी धाराएं लगाई गई हैं। पुलिस अब वीडियो फुटेज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर करीब 3000 अज्ञात आरोपितों की पहचान करने में जुटी है।

पुलिस का सख्त संदेश

सदर एसडीपीओ राजीव कुमार सिंह ने कहा कि सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

  • ये भी पढ़े..

    बेऊर जेल में बिगड़ी तेज प्रताप यादव की तबीयत, सीने में दर्द की शिकायत के बाद मेडिकल टीम सक्रिय

    Share Add as a preferred…

    कोबरा ने डसा तो युवक ने उसी सांप को डिब्बे में बंद कर पहुंचा अस्पताल, डॉक्टर भी रह गए हैरान

    Share Add as a preferred…