भागलपुर, 29 अक्टूबर 2025।बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 की तैयारी अपने अंतिम चरण में है। इसी क्रम में भागलपुर जिले में बुधवार, 29 अक्टूबर को ईवीएम (EVM) का द्वितीय रैंडमाइजेशन किया जाएगा। यह प्रक्रिया समीक्षा भवन सभागार, भागलपुर में सुबह 11 बजे से शुरू होगी।
भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली की अधिसूचना संख्या ECI/PN/316/2025 (दिनांक 6 अक्टूबर 2025) के तहत बिहार विधानसभा चुनाव का कार्यक्रम घोषित किया गया था। इस कार्यक्रम के अनुसार, द्वितीय चरण का मतदान 11 नवम्बर 2025 को होगा। इस चरण में भागलपुर जिले के कुल सात विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं —
152-बिहपुर, 153-गोपालपुर, 154-पीरपैंती (अ.जा.), 155-कहलगांव, 156-भागलपुर, 157-सुलतानगंज और 158-नाथनगर।
पहले चरण में इन सभी सीटों के लिए 13 अक्टूबर 2025 को ईवीएम का प्रथम रैंडमाइजेशन किया गया था। इसके बाद, अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, बिहार, पटना के पत्रांक 4631 (दिनांक 17 अक्टूबर 2025) के आलोक में अब द्वितीय रैंडमाइजेशन का कार्यक्रम तय किया गया है।
जिला निर्वाचन कार्यालय के अनुसार, इस प्रक्रिया में सभी विधानसभा क्षेत्रों में मतदान में प्रयुक्त होने वाले ईवीएम और वीवीपैट मशीनों का मिलान एवं यादृच्छिक चयन किया जाएगा।
इस मौके पर निर्वाचन से संबंधित वरीय पदाधिकारी, नोडल पदाधिकारी (ईवीएम कोषांग), उप निर्वाचन पदाधिकारी, डीआईओ, एनआईसी भागलपुर, और आईटी मैनेजर, भागलपुर मौजूद रहेंगे।
जिला प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी तकनीकी एवं प्रशासनिक तैयारियां समय पर सुनिश्चित की जाएं ताकि यह प्रक्रिया पारदर्शी, निष्पक्ष और सुचारू ढंग से संपन्न हो सके।


