पटना: बिहार विधान सभा के शुक्रवार सत्र में IGIMS में इलाज और बेड की उपलब्धता को लेकर जोरदार बहस देखने को मिली। जदयू के आदित्य कुमार ने सदन में कहा कि फोन करने के बावजूद मरीजों को बेड नहीं मिल पाता। स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने जवाब दिया कि जब बेड खाली होंगे तभी मरीजों को जगह मिलेगी और विधायकों के आग्रहों को प्राथमिकता से देखा जाता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि IGIMS में जल्द ही 2400 नए बेड जोड़े जाएंगे।
राजद ने उठाए सवाल
राजद के चन्द्रशेखर ने सवाल उठाया कि अगर AIIMS पटना में विधायकों को विशेष सुविधाएं मिलती हैं, तो क्या IGIMS में भी ऐसी व्यवस्था संभव है। इस पर मंत्री मंगल पांडेय ने व्यंग्यात्मक अंदाज में कहा कि “चन्द्रशेखर जी हर महीने सुबह 8 बजे से रात 12 बजे तक पैरवी करवाते हैं।”
सत्ताधारी दल के कुछ विधायकों ने भी प्राथमिकता की मांग रखी, जिस पर मंत्री विजय चौधरी ने तंज कसते हुए कहा कि सत्ताधारी दल के सदस्यों को ईर्ष्या हो रही है। बहस के दौरान राजद के कुमार सर्वजीत ने मजाकिया अंदाज में कहा—“चन्द्रशेखर जी के पास भाभी जी का नंबर तो नहीं? क्योंकि हमारी तो सुनी नहीं जाती।”
IGIMS में इलाज, बेड की उपलब्धता और विधायकों की प्राथमिकता को लेकर हुई इस बहस में गंभीर मुद्दों के साथ हास्य-व्यंग्य भी देखने को मिला, जिससे सदन का माहौल कुछ देर के लिए हल्का हो गया।


