अरवल: बिहार के अरवल जिले में एक हृदयविदारक सड़क हादसे में बिहार मोबाइल स्क्वाड के सिपाही मुकेश कुमार की मौत हो गई। यह हादसा मेहंदिया थाना क्षेत्र के एनएच-139 पर वाहन जांच के दौरान हुआ, जब तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे खड़े एक ट्रक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद सिपाही मुकेश स्कॉर्पियो और ट्रक के बीच फंस गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
इस दुर्घटना में दो अन्य सिपाही और ट्रक चालक भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
घर में छाया मातम, आज होनी थी बहन की शादी
इस दर्दनाक हादसे ने सिपाही मुकेश के परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। जानकारी के अनुसार आज उनकी बहन की शादी होनी थी और पूरा परिवार खुशियों की तैयारी में जुटा था। लेकिन इस अनहोनी ने शादी के माहौल को मातम में बदल दिया।
पुलिस कर रही मामले की जांच
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में ट्रक चालक की लापरवाही और तेज गति को हादसे की वजह माना जा रहा है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।


