
भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले हाई-वोल्टेज मुकाबले से पहले एक बड़ा अपडेट सामने आया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा से टॉस के दौरान हाथ नहीं मिलाएंगे।
बताया जा रहा है कि ‘नो हैंडशेक’ की यह परंपरा एशिया कप 2025 से शुरू हुई थी और इसके बाद से लगातार जारी है। सूत्रों के अनुसार, आगामी मुकाबले में भी टॉस के वक्त यह रुख बरकरार रह सकता है। हालांकि, इस पर अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
गौरतलब है कि पाकिस्तान की टीम ने पहले इस मैच को लेकर अनिश्चितता जताई थी, लेकिन बाद में यू-टर्न लेते हुए खेलने का फैसला किया। इसके बाद यह मामला अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बन गया।
बताया जाता है कि पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद दोनों देशों के क्रिकेट संबंधों में तनाव बढ़ गया था। एशिया कप के दौरान भारत और पाकिस्तान के बीच तीन मुकाबले हुए, लेकिन किसी भी मैच में खिलाड़ियों के बीच हैंडशेक नहीं हुआ।
अब फैंस की नजरें इस बड़े मुकाबले पर टिकी हैं, जहां मैदान के अंदर के खेल के साथ-साथ मैदान के बाहर की गतिविधियां भी चर्चा में हैं।


