
पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की डबल इंजन सरकार में राजधानी पटना के सभी ऑटो स्टैंड को हाईटेक बनाने की दिशा में काम तेज़ी से किया जा रहा है। इसी क्रम में पटना जंक्शन के समीप टाटा पार्क ऑटो स्टैंड पर यात्रियों के लिए कई नई सुविधाएं बहाल की गई हैं, जिससे अब स्टेशन पर उतरने वाले यात्रियों को ऑटो पकड़ने के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा।
रूट बोर्ड से मिलेगी सीधी जानकारी
पटना जंक्शन के पास स्थित टाटा पार्क ऑटो स्टैंड पर रूट निर्धारित बोर्ड लगाया गया है, जिसमें साफ तौर पर बताया गया है कि किस गेट से कौन-सा ऑटो किस इलाके के लिए जाएगा। इससे यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए सही जगह से ऑटो पकड़ने में आसानी होगी।
24 घंटे माइकिंग सुविधा
यात्रियों की सुविधा को और बेहतर बनाने के लिए माइकिंग सिस्टम भी शुरू किया गया है, जो 24 घंटे यह घोषणा करता रहेगा कि किस गेट से किस इलाके के लिए ऑटो उपलब्ध है। इससे खासकर बाहर से आने वाले यात्रियों को काफी राहत मिलेगी।
प्रीपेड ऑटो बूथ की शुरुआत
टाटा पार्क ऑटो स्टैंड पर पूर्ण प्रीपेड ऑटो बूथ का संचालन भी शुरू कर दिया गया है। इस सुविधा के तहत यात्री तय किराये पर सुरक्षित रूप से रिजर्व ऑटो ले सकेंगे, खासकर रात के समय यह व्यवस्था यात्रियों के लिए बेहद फायदेमंद होगी। इसके लिए अलग से एक विशेष प्रणाली भी विकसित की गई है।
अन्य स्थानों पर भी होगी सुविधा बहाल
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, हाल ही में पटना एयरपोर्ट पर भी प्रीपेड ऑटो बूथ की शुरुआत की गई है। आने वाले दिनों में फुलवारीशरीफ, राजेंद्र नगर, दानापुर रेलवे स्टेशन सहित अन्य प्रमुख स्थानों पर भी यह सुविधा बहाल की जाएगी।
रोजाना 25 हजार से अधिक यात्री करते हैं सफर
बताया जाता है कि टाटा पार्क ऑटो स्टैंड से रोजाना 25 हजार से अधिक यात्री अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए ऑटो सेवा का उपयोग करते हैं। बीते मई महीने में पटना जंक्शन पर यात्रियों की सुविधा के लिए मल्टी मॉडल हब की शुरुआत की गई थी, जिससे अंडरग्राउंड सब-वे के माध्यम से पटना जंक्शन और टाटा पार्क के बीच आसान आवागमन संभव हुआ है।
अधिकारियों का बयान
अधिकारियों का कहना है कि
“रूट बोर्ड लगने से यात्रियों को पहले से जानकारी मिल जाएगी कि किस गेट से किस इलाके के लिए ऑटो उपलब्ध है। इससे यात्रियों को किसी तरह की परेशानी नहीं होगी। भविष्य में सभी ऑटो स्टैंड गेट पर इस व्यवस्था को लागू किया जाएगा।”


