बिहार में 12वीं पास युवाओं के लिए बड़ी भर्ती, होमगार्ड विभाग में हवलदार इंस्ट्रक्टर के 122 पदों पर वैकेंसी

बिहार में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए राहत भरी खबर है। बिहार पुलिस अधीनस्थ सेवा आयोग (BPSSC) ने होमगार्ड विभाग में हवलदार इंस्ट्रक्टर के 122 पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। खास बात यह है कि इस भर्ती के लिए 12वीं पास अभ्यर्थी भी आवेदन कर सकते हैं। लंबे समय बाद बड़ी संख्या में वैकेंसी आने से युवाओं में उत्साह देखा जा रहा है।

1 जून 2026 तक होंगे आवेदन

आयोग द्वारा जारी विज्ञापन के मुताबिक ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 1 मई 2026 से शुरू हो चुकी है। इच्छुक उम्मीदवार 1 जून 2026 तक आवेदन कर सकेंगे। यह भर्ती बिहार होमगार्ड सेवा संवर्ग के तहत की जाएगी और चयनित अभ्यर्थियों को लेवल-4 पे स्केल का लाभ मिलेगा।

किस विभाग में निकली है भर्ती

यह भर्ती गृह विभाग (विशेष शाखा) के अंतर्गत निकाली गई है। विज्ञापन संख्या 05/2026 के तहत कुल 122 रिक्त पदों पर बहाली होगी। आयोग ने सामान्य, पिछड़ा वर्ग, अत्यंत पिछड़ा वर्ग, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए अलग-अलग सीटें निर्धारित की हैं। साथ ही महिलाओं को 35 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण का लाभ भी दिया जाएगा।

किस वर्ग के लिए कितनी सीटें

भर्ती में सामान्य वर्ग के लिए सबसे अधिक 48 पद तय किए गए हैं। इसके अलावा EBC के लिए 22, SC के लिए 19, BC के लिए 15 और EWS के लिए 12 सीटें निर्धारित की गई हैं। पिछड़ा वर्ग की महिला अभ्यर्थियों के लिए भी अलग से आरक्षण दिया गया है।

कौन कर सकता है आवेदन

इस भर्ती के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से इंटरमीडिएट यानी 12वीं पास होना अनिवार्य है। पुरुष, महिला और थर्ड जेंडर सभी अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं।

आयु सीमा

  • सामान्य वर्ग पुरुष : 18 से 37 वर्ष
  • सामान्य वर्ग महिला / BC / EBC : अधिकतम 40 वर्ष
  • SC/ST उम्मीदवार : अधिकतम 42 वर्ष

सिर्फ लिखित परीक्षा से नहीं होगा चयन

भर्ती प्रक्रिया की सबसे अहम बात यह है कि अंतिम मेरिट फिजिकल टेस्ट के अंकों के आधार पर तैयार की जाएगी। लिखित परीक्षा केवल क्वालिफाइंग होगी। यानी अभ्यर्थियों को लिखित परीक्षा पास करना जरूरी होगा, लेकिन उसके अंक मेरिट में नहीं जोड़े जाएंगे।

लिखित परीक्षा 100 अंकों की होगी। इसमें हिंदी, अंग्रेजी, गणित, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान, सामान्य ज्ञान और करेंट अफेयर्स से प्रश्न पूछे जाएंगे। परीक्षा OMR आधारित होगी और इसकी अवधि 2 घंटे तय की गई है।

फिजिकल टेस्ट के लिए जरूरी मापदंड

भर्ती में शारीरिक मानकों को भी काफी महत्व दिया गया है।

  • सामान्य/BC पुरुष उम्मीदवार : न्यूनतम लंबाई 165 सेंटीमीटर
  • EBC/SC/ST पुरुष उम्मीदवार : न्यूनतम लंबाई 160 सेंटीमीटर
  • महिला उम्मीदवार : न्यूनतम लंबाई 155 सेंटीमीटर

महिला अभ्यर्थियों का वजन कम से कम 48 किलोग्राम होना जरूरी होगा।

आवेदन शुल्क

इस भर्ती के लिए सभी वर्गों के उम्मीदवारों से केवल 100 रुपये आवेदन शुल्क लिया जाएगा। फीस का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा।

ऐसे करें आवेदन

उम्मीदवार BPSSC की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया दो चरणों में पूरी होगी। पहले रजिस्ट्रेशन करना होगा, उसके बाद फोटो, हस्ताक्षर और शैक्षणिक दस्तावेज अपलोड करने होंगे।

फोटो और सिग्नेचर को लेकर आयोग सख्त

आयोग ने स्पष्ट किया है कि गलत फोटो या हस्ताक्षर अपलोड होने पर आवेदन रद्द किया जा सकता है। उम्मीदवारों को हाल की रंगीन फोटो तय मानक के अनुसार अपलोड करनी होगी।

महिलाओं के लिए विशेष नियम

नोटिफिकेशन में कहा गया है कि यदि कोई महिला उम्मीदवार PET के दौरान गर्भवती पाई जाती है, तो उसे फिजिकल टेस्ट में शामिल नहीं किया जाएगा और अयोग्य घोषित कर दिया जाएगा।

फिलहाल आयोग ने परीक्षा की तारीख जारी नहीं की है। एडमिट कार्ड और परीक्षा से जुड़ी जानकारी बाद में BPSSC की वेबसाइट पर उपलब्ध कराई जाएगी।

  • ये भी पढ़े..

    “राबड़ी आवास पर घमासान: ‘हर हाल में बंगला खाली होगा’, सम्राट के ऐलान के बीच कोर्ट जाने की तैयारी में RJD?”

    Share Add as a preferred…

    “PM आवास की आखिरी किस्त के लिए मांग रहा था ₹10 हजार घूस, निगरानी टीम ने रंगे हाथ दबोचा”

    Share Add as a preferred…