भवानीपुर थाना पर लापरवाही का आरोप, पीड़ित वृद्ध ने IG से लगाई न्याय की गुहार

लाठी-डंडे से पीटा, कनपटी पर तानी बंदूक… फिर अमानवीय हरकत

भागलपुर। नवगछिया पुलिस जिला अंतर्गत भवानीपुर थाना क्षेत्र से एक बेहद संवेदनशील और शर्मनाक मामला सामने आया है। गांव में काम करने से मना करने पर एक वृद्ध के साथ न केवल बेरहमी से मारपीट की गई, बल्कि उसके साथ अमानवीय व्यवहार भी किया गया। अब पीड़ित ने आरोप लगाया है कि थाने की लापरवाही के कारण आरोपी अब तक खुलेआम घूम रहे हैं।

काम से इनकार बना हिंसा की वजह

पीड़ित की पहचान वीरबना गांव निवासी 60 वर्षीय लोयारनस मंडल के रूप में हुई है। वह गांव में लोगों के यहां खाना बनाने का काम करता है। पीड़ित के अनुसार, गांव के ही मो. मंजूर अली ने उसे अपने यहां काम करने को कहा था। जब उसने मना किया तो 11 दिसंबर 2025 की रात करीब 8 बजे मंजूर अली और उसके साथियों ने उस पर हमला कर दिया।

बेरहमी से पिटाई, बंदूक तानी, फिर अमानवीय हरकत

आरोप है कि लाठी-डंडों से पीटने के बाद आरोपियों ने उसकी कनपटी पर बंदूक तान दी। यहीं नहीं, पीड़ित के साथ अमानवीय व्यवहार करते हुए उसके मुंह में पेशाब तक कर दिया गया। इस हमले में लोयारनस का बायां पैर और हाथ टूट गया।

अस्पताल में दर्ज हुआ बयान

गंभीर हालत में परिजनों ने उसे भागलपुर के मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया। 14 दिसंबर को अस्पताल में तैनात बरारी थाना पुलिस ने उसका फर्द बयान दर्ज किया, जिसे कार्रवाई के लिए भवानीपुर थाना भेजा गया।

तीन हफ्ते बाद दर्ज हुई FIR

पीड़ित का आरोप है कि भवानीपुर थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। फर्द बयान मिलने के बावजूद करीब तीन सप्ताह तक प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई। अंततः 4 जनवरी 2026 को FIR दर्ज हुई, लेकिन इसके बाद भी किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई।

डर के साये में परिवार

पीड़ित और उसका परिवार लगातार भय में जी रहा है। उनका कहना है कि आरोपी खुलेआम धमकी दे रहे हैं और कभी भी दोबारा हमला हो सकता है।

IG से लगाई गुहार

न्याय की आस में लोयारनस मंडल ने भागलपुर के आईजी विवेक कुमार से मुलाकात कर पूरे मामले की शिकायत की। उन्होंने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और भवानीपुर थाना पुलिस के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

पीड़ित ने कहा, “अगर मुझे जल्द न्याय नहीं मिला, तो मेरी जान को खतरा बना रहेगा।”

  • ये भी पढ़े..

    BPSC TRE-4 भर्ती को लेकर शिक्षा मंत्री का बड़ा ऐलान, एक लाख शिक्षकों की नियुक्ति से बदलेगी बिहार की तस्वीर

    Share Add as a preferred…

    बिहार विधानसभा में सात विधेयकों पर चर्चा से लेकर TRE-4 भर्ती तक, मानसून सत्र के दूसरे दिन सदन में क्या-क्या हुआ?

    Share Add as a preferred…