भागलपुर, 29 सितंबर 2025।पीरपैंती थाना क्षेत्र के गोविंदपुर मोहनपुर वार्ड संख्या 04 में सोमवार को सनसनीखेज वारदात सामने आई। 35 वर्षीय किशोरी मंडल उर्फ ननकु की गोली लगने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत फैल गई, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
कपड़ा खरीदने को लेकर विवाद, फिर चली गोली
स्थानीय लोगों के अनुसार घटना से पहले पति-पत्नी के बीच कपड़ा खरीदने को लेकर विवाद हुआ था। उसी दौरान बंद कमरे में गोली चली और किशोरी मंडल की मौत हो गई। गोली खुद उसने चलाई या किसी और ने, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।
पत्नी फरार, बेटे का रो-रोकर बुरा हाल
घटना के बाद मृतक की पत्नी पूनम देवी घर से फरार बताई जा रही है।
घर का सबसे दर्दनाक दृश्य यह रहा कि मृतक का बेटा अमन कुमार अपने पिता के शव के पास खड़ा होकर बिलखता रहा। किशोरी मंडल के परिवार में दो बेटे — अमन कुमार और आशीष कुमार — तथा एक बेटी सिमरन कुमारी है। परिवार अचानक हुए इस हादसे से टूट गया है।
मौके पर पुलिस और एफएसएल टीम
वारदात की जानकारी मिलते ही पीरपैंती डीएसपी टू डॉ. अर्जुन कुमार गुप्ता और थानाध्यक्ष नीरज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया है और विशेष जांच के लिए एफएसएल टीम को बुलाया गया है। अधिकारी अलग-अलग बिंदुओं पर जांच कर रहे हैं ताकि यह स्पष्ट हो सके कि मौत आत्महत्या है या हत्या।
संदिग्ध हालात, हर एंगल से जांच
स्थानीय लोगों ने बताया कि किशोरी मंडल की शादी कुछ वर्ष पूर्व घोंघा के साधुपुर गांव में हुई थी।
फिलहाल पुलिस मामले को संदिग्ध मानते हुए हर पहलू से जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।


