भागलपुर में उपद्रवियों से होगी वसूली, नुकसान की भरपाई कराएगा प्रशासन: डीएम

भागलपुर: छात्र आंदोलन के दौरान हुई हिंसा और सरकारी संपत्ति को हुए नुकसान के बाद भागलपुर जिला प्रशासन ने उपद्रवियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय ने कहा कि हिंसा और तोड़फोड़ में शामिल असामाजिक तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सरकारी संपत्ति को हुए नुकसान की भरपाई भी दोषियों से कराई जाएगी।

उपद्रवियों से होगी नुकसान की वसूली

जिलाधिकारी ने कहा कि जिन लोगों ने कानून-व्यवस्था भंग की और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया, उनसे क्षतिपूर्ति की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर दोषियों की संपत्ति की कुर्की की कार्रवाई भी की जा सकती है।

अफवाह के बाद बिगड़े हालात

भागलपुर के एसएसपी प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि प्रदर्शन के दौरान किसी ने लाठीचार्ज की अफवाह फैला दी। इसके बाद कुछ उपद्रवियों ने लोहे के डिवाइडर उखाड़कर पुलिस पर हमला कर दिया। इस दौरान दो सरकारी वाहनों सहित एक निजी वाहन को भी क्षति पहुंचाई गई।

दुकानों और मोबाइल की होगी जांच

एसएसपी ने बताया कि तिलकामांझी चौक के आसपास स्थित उन दुकानों की तलाशी ली जाएगी, जहां उपद्रवियों के छिपने की आशंका है। इसके अलावा घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों के मोबाइल फोन और उपलब्ध डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच की जाएगी, ताकि उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान की जा सके।

वैज्ञानिक तरीके से होगी जांच

प्रशासन का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की वैज्ञानिक तरीके से जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज, वीडियो और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर उपद्रवियों की पहचान की जाएगी। यदि जांच में किसी व्यक्ति या संगठन की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ भी विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

अफवाहों से बचने की अपील

जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाह या भ्रामक जानकारी पर विश्वास न करें और शांति बनाए रखें। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाले किसी भी व्यक्ति के साथ सख्ती से निपटा जाएगा।

  • ये भी पढ़े..

    नाथनगर में बड़ी कार्रवाई, हथियारों के साथ आधा दर्जन संदिग्ध गिरफ्तार

    Share Add as a preferred…