भागलपुर, 14 जुलाई 2025 | कजरैली थाना क्षेत्र के एक गांव में शनिवार रात एक प्रेम प्रसंग से जुड़ा मामला उस समय विवाद का रूप ले लिया जब ग्रामीणों ने एक युवक को शादीशुदा महिला के घर में पकड़ लिया। ग्रामीणों का कहना था कि युवक चुपके से महिला से मिलने आया था, जो पहले से ही एक बच्ची की मां है। मामला तब और गरमाया जब परिजनों ने दोनों की शादी करा दी, लेकिन युवक ने महिला को साथ रखने से इनकार कर दिया।
क्या है पूरा मामला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पकड़ी गई महिला की शादी करीब पांच वर्ष पूर्व बांका जिले में हुई थी। हालांकि विवाह के कुछ ही समय बाद से वह ससुराल में रहने के बजाय अधिकतर समय अपने मायके में ही रहती थी। महिला की मां ने पुलिस को बताया कि उनके दामाद ने अब बेटी को साथ रखने से साफ मना कर दिया है। इस महिला की एक तीन साल की बेटी भी है।
शनिवार की रात उक्त महिला के घर एक स्थानीय युवक उससे मिलने आया था। दोनों के बीच सात वर्षों से प्रेम संबंध बताया जा रहा है। महिला ने पुलिस के सामने स्वीकार किया कि युवक से उसे एक और बेटी भी है और अब वह उसी के साथ रहना चाहती है।
परिजनों ने की शादी, युवक ने ठुकराया साथ चलना
युवक के पकड़े जाने के बाद महिला के परिजनों ने गांव में ही दोनों की शादी करा दी, लेकिन युवक ने शादी के बाद महिला को अपनाने से इनकार कर दिया। इस पर महिला पक्ष ने कजरैली थाना को सूचना दी।
पुलिस का क्या कहना है
मामले की गंभीरता को देखते हुए कजरैली थाना प्रभारी जितेन्द्र कुमार ने दोनों पक्षों को थाने बुलाया। पूछताछ के बाद युवक से बांड भरवाया गया और फिर उसे उसके परिजनों के हवाले कर दिया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि यह मामला आपसी सहमति और पारिवारिक विवाद से जुड़ा है, इसलिए फिलहाल किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई नहीं की गई है।
ग्रामीणों में चर्चा का विषय बना मामला
यह घटना पूरे गांव में चर्चा का विषय बनी हुई है। प्रेम संबंध, शादी, अस्वीकार और थाने तक पहुंचे मामले ने ग्रामीणों को स्तब्ध कर दिया है। स्थानीय लोग इसे सामाजिक विघटन और पारिवारिक तकरार का उदाहरण बता रहे हैं।


