
भागलपुर: शहर के ऐतिहासिक तिलकामांझी चौक स्थित पार्क का जल्द ही कायाकल्प किया जाएगा। नगर निगम ने टाउन प्लानिंग के तहत पार्क के सौंदर्यीकरण और आधुनिक स्वरूप के लिए नई योजना तैयार की है। इस परियोजना के तहत अमर शहीद तिलकामांझी की स्मृति में भव्य स्मारक बनाया जाएगा, जबकि पार्क में कई नई सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी।
अशोक चक्र और बलिदान स्मारक होंगे प्रमुख आकर्षण
योजना के अनुसार पार्क में अशोक चक्र और स्तंभ स्थापित किए जाएंगे, जिन्हें “बलिदान सिंबल” के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके अलावा तिलकामांझी के सम्मान में एक भव्य स्मारक और ध्वज मंच (फ्लैग पेडेस्टल) का भी निर्माण होगा।
बनेगा वॉकिंग ट्रैक और आकर्षक फव्वारा
पार्क में आने वाले लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 6 फीट चौड़ी सीढ़ियां बनाई जाएंगी। वहीं टहलने के लिए 3 फीट चौड़ा वॉकिंग ट्रैक विकसित किया जाएगा। पार्क में एक आधुनिक और आकर्षक फव्वारा भी लगाया जाएगा, जिससे इसकी सुंदरता और बढ़ेगी।
संरक्षित वृक्ष और धार्मिक स्थल को भी मिलेगा नया स्वरूप
परियोजना के तहत चौक पर स्थित संरक्षित (प्रोटेक्टेड) वृक्ष का संरक्षण और सौंदर्यीकरण किया जाएगा। साथ ही पार्क परिसर में मौजूद धार्मिक स्थल को भी व्यवस्थित रूप से विकसित किया जाएगा।
अतिक्रमण हटने के बाद शुरू हुई योजना
नगर निगम के अनुसार, कुछ महीने पहले अतिक्रमण हटाए जाने और सड़क चौड़ीकरण का कार्य पूरा होने के बाद उपलब्ध भूमि पर इस आधुनिक पार्क के निर्माण की योजना बनाई गई है। अधिकारियों का कहना है कि यह परियोजना पूरी होने के बाद तिलकामांझी चौक शहर के प्रमुख आकर्षणों में शामिल होगा।
नगर निगम के योजना शाखा प्रभारी मो. रेहान अहमद ने बताया कि पार्क को आकर्षक और व्यवस्थित स्वरूप देने के लिए बलिदान सिंबल, फ्लैग पेडेस्टल, संरक्षित वृक्ष के सौंदर्यीकरण और फव्वारे का निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि योजना को जल्द धरातल पर उतारा जाएगा।


