भागलपुर: चुनाव की तैयारी में सेक्टर पदाधिकारियों को दिया गया प्रशिक्षण, जिला प्रशासन ने दिए सख्त निर्देश

भागलपुर, 18 अक्टूबर 2025: बिहार विधान सभा आम निर्वाचन-2025 को लेकर भागलपुर में स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने हेतु आज टाउन हॉल में सेक्टर पदाधिकारियों और सेक्टर पुलिस पदाधिकारियों का विशेष प्रशिक्षण आयोजित किया गया।

इस अवसर पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने उपस्थित पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि बूथ स्तर पर शांतिपूर्ण मतदान कराने की मुख्य जिम्मेदारी सीधे सेक्टर पदाधिकारियों की होती है। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी संबंधित बूथों का नियमित भ्रमण किया जाए और मतदान से पहले, दौरान और बाद के सभी कर्तव्यों को सुनिश्चित किया जाए। विशेषकर संवेदनशील मतदान केंद्रों पर कड़ी निगरानी रखना आवश्यक है।

डॉ. चौधरी ने कहा कि प्रत्येक बूथ का रिकॉर्ड रखा जाएगा जिसमें भ्रमण की तिथियां, बूथ पर की गई तैयारियों और समस्याओं के निराकरण का विवरण शामिल होगा। उन्होंने निर्देश दिए कि मतदान केंद्रों पर सभी बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, मतदान दल की बैठने की व्यवस्था और मतदाताओं की कतारों की पूर्व मैपिंग की जाए, ताकि मतदान के दौरान अफरा-तफरी जैसी स्थिति न उत्पन्न हो।

जिलाधिकारी ने बताया कि मतदान के दिन आंगनवाड़ी सेविका, आशा, विकास मित्र और बीएलओ की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी। मॉक पोल सुबह 5:30 बजे शुरू होगा, 7:00 बजे मतदान आरंभ होगा और सेक्टर पदाधिकारी मतदान प्रतिशत हर दो घंटे में PRO ऐप में अपलोड करवाएंगे। शाम 5 बजे का कुल मतदान प्रतिशत अनिवार्य रूप से अपलोड करना होगा।

इस अवसर पर वरीय पुलिस अधीक्षक हृदय कांत ने कहा कि शांतिपूर्ण मतदान कराना प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, वैकल्पिक मार्ग और असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखने पर जोर दिया। नवगछिया की पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार ने संवेदनशील बूथों पर विशेष नजर रखने की आवश्यकता पर बल दिया।

उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह ने सभी सेक्टर पदाधिकारियों को मतदान कर्तव्यों और दायित्वों के बारे में विस्तृत जानकारी दी और कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही चुनाव प्रक्रिया में बाधा डाल सकती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदान केंद्रों के 200 मीटर के भीतर किसी भी राजनीतिक दल के पोस्टर या कार्यालय की अनुमति नहीं होगी।

नगर पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा ने पुलिस पदाधिकारियों को उनके दायित्वों के संबंध में जानकारी दी। संयुक्त निदेशक जन संपर्क नगेंद्र कुमार गुप्ता ने बताया कि मीडिया कर्मियों को भारत निर्वाचन आयोग द्वारा पहचान पत्र जारी किया जाएगा और मतदान केंद्र के अंदर किसी भी तरह की बातचीत की अनुमति नहीं होगी।

प्रशिक्षण सत्र में सेक्टर पदाधिकारियों को PRO ऐप और Ele Trace ऐप के उपयोग की जानकारी दी गई, ताकि आंकड़े समय पर और सही तरीके से प्रविष्ट किए जा सकें। इसके पूर्व मास्टर प्रशिक्षक द्वारा सभी कर्तव्यों का बिंदुवार प्रशिक्षण भी दिया गया।

कार्यक्रम में राकेश रंजन, मो अयूब, दुर्गा शंकर सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

  • Related Posts

    बिहार में भूमि विवाद खत्म करने की बड़ी पहल, डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने तय की डेडलाइन; दिसंबर 2027 तक पूरा होगा विशेष भूमि सर्वेक्षण

    Share Add as a preferred…

    Continue reading
    बिहार में पौधारोपण का नया रिकॉर्ड, एक साल में 40.68 लाख पौधे लगाए गए; हरित आवरण बढ़ाने की दिशा में बड़ी उपलब्धि

    Share Add as a preferred…

    Continue reading