भागलपुर : सहयोग शिविर के जरिए घर-घर पहुंच रही सरकारी योजनाएं, 630 जीविका समूहों को ₹6.71 करोड़ की सहायता

भागलपुर: राज्य सरकार के “सबका सम्मान, जीवन आसान” अभियान के तहत सोमवार को भागलपुर जिले की सभी पंचायतों में सहयोग शिविर-2026 का आयोजन किया गया। शिविरों का उद्देश्य सरकारी योजनाओं और नागरिक सेवाओं का लाभ लोगों तक उनके गांव में ही पहुंचाना, समस्याओं का त्वरित समाधान करना तथा प्रशासन और आमजन के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है।

डीएम और एसएसपी ने किया शिविर का निरीक्षण

जगदीशपुर प्रखंड के पुरैनी टोला, सोनूचक में आयोजित सहयोग शिविर का जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय और वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने संयुक्त रूप से निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का अवलोकन किया तथा लाभार्थियों और ग्रामीणों से बातचीत कर योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली।

41 आवेदनों का हुआ त्वरित निष्पादन

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बताया कि शिविर में करीब 41 आवेदन प्राप्त हुए, जिनका त्वरित निष्पादन कर दिया गया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि यदि किसी आवेदन का निस्तारण शेष है तो उसे तत्काल सहयोग पोर्टल पर दर्ज कर निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए।

लोगों को कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें

जिलाधिकारी ने कहा कि “सबका सम्मान, जीवन आसान” अभियान का उद्देश्य सरकारी योजनाओं और सेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि सरकार चाहती है कि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, बल्कि प्रशासन स्वयं उनके द्वार तक पहुंचे।

ग्रामीणों ने रखीं विकास संबंधी मांगें

शिविर के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने चेक डैम निर्माण, सड़क मरम्मत, आधारभूत संरचना के विकास सहित अन्य स्थानीय आवश्यकताओं से संबंधित मांगें रखीं। जिलाधिकारी ने इन सुझावों पर संबंधित विभागों के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया।

630 जीविका समूहों को ₹6.71 करोड़ की वित्तीय सहायता

शिविर में विभिन्न विभागों की योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। इस दौरान 630 जीविका स्वयं सहायता समूहों को 6 करोड़ 71 लाख रुपये की वित्तीय सहायता का प्रतीकात्मक चेक सौंपा गया। साथ ही विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों और जीविका दीदियों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।

पारदर्शी और समयबद्ध क्रियान्वयन पर जोर

जिलाधिकारी और वरीय पुलिस अधीक्षक ने लोगों से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी योजनाओं का प्रभावी, पारदर्शी और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक बिना किसी भेदभाव के योजनाओं का लाभ पहुंच सके।

नोट: यह समाचार जिला जनसंपर्क कार्यालय, भागलपुर द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति पर आधारित है।

  • ये भी पढ़े..

    श्रावणी मेला-2026: सुल्तानगंज में चला अतिक्रमण हटाओ अभियान, गंगा घाट और प्रमुख मार्ग कराए गए खाली

    Share Add as a preferred…

    दिल्ली में बड़ा सियासी घटनाक्रम! PM आवास से राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अखिलेश यादव हिरासत में

    Share Add as a preferred…