भागलपुर : नवगछिया के रंगरा थाना क्षेत्र अंतर्गत मुरली चौक के पास शुक्रवार देर रात पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कुख्यात अपराधी को मुठभेड़ में ढेर कर दिया। यह मुठभेड़ मछली जलकर के समीप एक खेत में हुई, जहां अपराधियों और पुलिस के बीच जबरदस्त गोलीबारी हुई।
मृतक अपराधी की पहचान नवगछिया के कुख्यात गुरुदेव मंडल उर्फ “फूफा” के रूप में हुई है, जो लंबे समय से पुलिस को कई गंभीर मामलों में वांछित था।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मुठभेड़ के समय करीब सात अपराधी मौजूद थे, जिनमें से बाकी आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही नवगछिया एसपी प्रेरणा कुमार, एसडीपीओ ओम प्रकाश कुमार, सर्किल इंस्पेक्टर बृजेश कुमार समेत भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
मुठभेड़ की सूचना गुप्त सूत्रों से मिली थी, जिसके आधार पर कार्रवाई की गई। मुठभेड़ के बाद पूरे घटनास्थल की घेराबंदी कर फोरेंसिक टीम को बुलाया गया है, जो मौके से अहम सबूत इकट्ठा कर रही है।
अपराधी के शव को नवगछिया अनुमंडल अस्पताल लाया गया, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया की जा रही है। इस दौरान पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी करवाई गई है।
पुलिस अब फरार अपराधियों की तलाश में सघन छापेमारी अभियान चला रही है। इस मुठभेड़ से क्षेत्र में दहशत का माहौल जरूर है, लेकिन आमजन राहत महसूस कर रहे हैं कि एक खतरनाक अपराधी का अंत हो गया।


