भागलपुर।“स्वस्थ भारत की ओर एक कदम – मिलेट्स अपनाएं, जीवन स्वस्थ बनाएं” के संदेश के साथ आज सुंदरवती महिला महाविद्यालय परिसर में एक विशेष मिलेट्स स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पोषक अनाज (मिलेट्स/श्री अन्न) के महत्व को आमजन तक पहुँचाना और दैनिक आहार में इसके उपयोग को प्रोत्साहित करना रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत में आगंतुक अतिथियों का स्वागत अंगवस्त्र और बुके देकर किया गया। इसके बाद महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. निशा झा, अंग्रेज़ी विभाग की शिक्षिका डॉ. श्वेता, डॉ. दीपक कुमार दिनकर और संस्था की संस्थापिका डॉ. प्रिया सोनी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने मिलेट्स के पोषण संबंधी लाभों और नियमित सेवन से होने वाले स्वास्थ्य फायदों पर विस्तार से चर्चा की। साथ ही स्थानीय और पारंपरिक मोटे अनाज के पुनः उपयोग पर विशेष बल दिया। वक्ताओं ने कहा कि मिलेट्स न केवल स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद हैं, बल्कि इससे किसानों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलती है।
डॉ. निशा झा ने अपने संबोधन में कहा, “यदि हम अपने दैनिक आहार में मिलेट्स को शामिल करें तो कई प्रकार की बीमारियों से बच सकते हैं और एक सशक्त, आत्मनिर्भर एवं जागरूक समाज की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं।”
वहीं संस्था की संस्थापिका डॉ. प्रिया सोनी ने कहा कि “आज की तेज़ रफ्तार जिंदगी में लोग फास्ट फूड जैसे चाउमीन और बर्गर के आदी हो गए हैं, जिससे तरह-तरह की बीमारियाँ बढ़ रही हैं। यदि हम अपने पारंपरिक मोटे अनाज मिलेट्स को दोबारा अपनाएँ, तो न केवल बीमारियों से छुटकारा पा सकते हैं बल्कि एक स्वस्थ जीवन भी जी सकते हैं।”
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित विद्यार्थियों, शिक्षकों और प्रतिभागियों ने मिलेट्स को अपनी जीवनशैली में अपनाने का संकल्प लिया। साथ ही, संस्था द्वारा आयोजित इस पहल की जमकर सराहना की गई।


