भागलपुर के कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में माहवारी स्वच्छता पर जागरूकता कार्यक्रम, छात्राओं को वितरित की गई एमएचएम किट

भागलपुर: महिला एवं बाल विकास निगम, भागलपुर की ओर से मिशन शक्ति योजना के तहत कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय, जगदीशपुर (टाइप-4) में माहवारी स्वच्छता प्रबंधन (Menstrual Hygiene Management-MHM) विषय पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किशोरियों को माहवारी से जुड़ी सही जानकारी देना, स्वच्छता के प्रति जागरूक बनाना और सामाजिक भ्रांतियों को दूर करना था।

विशेषज्ञों ने दी वैज्ञानिक जानकारी

कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास निगम के जिला परियोजना प्रबंधक (डीपीएम) मणिशंकर, जिला मिशन समन्वयक तबरेज़ खान, फाइनेंशियल लिट्रेसी स्पेशलिस्ट अभिषेक सुमन, वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासक मोना कुमारी, विद्यालय की वार्डन, शिक्षिकाएं और छात्राएं मौजूद रहीं।

विशेषज्ञों ने माहवारी को एक सामान्य और प्राकृतिक जैविक प्रक्रिया बताते हुए इससे जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने, व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने, संक्रमण से बचाव, सैनिटरी पैड के सही उपयोग और सुरक्षित निस्तारण की जानकारी दी।

छात्राओं की शंकाओं का किया समाधान

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं के सवालों का सरल, वैज्ञानिक और तथ्यात्मक तरीके से जवाब दिया गया। उन्हें अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने, आत्मविश्वास बढ़ाने और माहवारी के दौरान आवश्यक सावधानियां अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

सभी छात्राओं को दी गई एमएचएम किट

कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय की सभी छात्राओं के बीच एमएचएम (Menstrual Hygiene Management) किट का वितरण किया गया। साथ ही नियमित स्वच्छता अपनाने और स्वास्थ्य संबंधी अच्छी आदतों को जीवन में शामिल करने का संदेश दिया गया।

महिला एवं बाल विकास निगम ने कहा कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रमों का उद्देश्य किशोरियों को स्वास्थ्य संबंधी सही जानकारी उपलब्ध कराना और उन्हें सुरक्षित, स्वस्थ एवं आत्मनिर्भर जीवन के लिए प्रेरित करना है।

  • ये भी पढ़े..

    भागलपुर में पिता की स्मृति को समर्पित भावपूर्ण काव्य संध्या, कवियों ने कविता और गीतों से दी श्रद्धांजलि

    Share Add as a preferred…

    भागलपुर के नए डीडीसी रवि राकेश ने संभाला पदभार, विकास योजनाओं को गति देने पर रहेगा विशेष फोकस

    Share Add as a preferred…