भागलपुर : शाहजंगी में मतदाता जागरूकता के लिए जीविका दीदियों ने रचाई मेहंदी, दिया मतदान का संदेश

भागलपुर, 21 अक्टूबर 2025 — बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के तहत मतदाता जागरूकता को लेकर भागलपुर जिले में जीविका दीदियां लगातार नई पहल कर रही हैं। नाथनगर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत जगदीशपुर प्रखंड स्थित शाहजंगी में मंगलवार को नई उड़ान जीविका महिला संकुल स्तरीय संघ की ओर से एक अनोखा कार्यक्रम आयोजित किया गया — मेहंदी प्रतियोगिता

कार्यक्रम में करीब 35 जीविका दीदियों ने भाग लिया और अपने हाथों पर आकर्षक मेहंदी डिजाइनों के साथ मतदान का संदेश उकेरा। दीदियों ने “पहले मतदान, फिर जलपान” और “हर वोट जरूरी है” जैसे संदेशों को मेहंदी की लकीरों में साकार किया।

इस आयोजन का उद्देश्य महिलाओं और समाज के अन्य वर्गों में मतदान के महत्व को रचनात्मक ढंग से फैलाना था। सभी प्रतिभागियों ने आगामी 11 नवंबर 2025 को निर्धारित मतदान दिवस पर स्वयं मतदान करने और दूसरों को भी प्रेरित करने का संकल्प लिया।

सुव्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचक सहभागिता कार्यक्रम (स्वीप) के तहत जिले भर में जीविका समूहों द्वारा लगातार रैलियां, सांस्कृतिक कार्यक्रम और प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं, ताकि हर मतदाता तक लोकतंत्र के इस पर्व का संदेश पहुंचे।

 

  • Related Posts