भागलपुर। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित खलिफाबाग चौक पर एक आइसक्रीम की दुकान से बच्ची का लॉकेट चोरी करने का मामला सामने आया था। घटना 09 अक्टूबर 2025 की है। इस मामले में कोतवाली थाना कांड संख्या 123/25 दिनांक 11 अक्टूबर 2025 को दर्ज किया गया था।
घटना के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक, भागलपुर के निर्देशन और पुलिस अधीक्षक (नगर) के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर लगातार छापेमारी अभियान चलाया।
पुलिस जांच के दौरान फुटेज से मिले सुराग के आधार पर मामले में शामिल दोनों मुख्य आरोपी विकास कुमार और अंकुश कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया। साथ ही चोरी किए गए लॉकेट को खरीदने वाले सन्नी कुमार को भी पकड़ा गया।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के पास से चोरी किया गया लॉकेट बरामद कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सीसीटीवी की मदद से यह गिरफ्तारी संभव हो सकी और आगे भी ऐसे मामलों में तकनीकी साक्ष्यों का इस्तेमाल तेज़ी से किया जाएगा।


