
भागलपुर: गंगा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। केंद्रीय जल आयोग और बाढ़ नियंत्रण विभाग की रिपोर्ट के अनुसार रविवार को भी गंगा के जलस्तर में वृद्धि दर्ज की गई। हालांकि राहत की बात यह है कि भागलपुर, मुंगेर और कहलगांव सहित सभी प्रमुख गेज स्टेशनों पर जलस्तर अभी भी खतरे के निशान से काफी नीचे है।
भागलपुर में 30 सेंटीमीटर बढ़ा जलस्तर
रविवार शाम तक जारी रिपोर्ट के अनुसार मुंगेर में गंगा का जलस्तर 24 सेंटीमीटर, भागलपुर में 30 सेंटीमीटर और कहलगांव में 16 सेंटीमीटर बढ़ा। वहीं कोसी नदी में भी जलस्तर में बढ़ोतरी दर्ज की गई, जबकि बलतारा में पांच सेंटीमीटर की कमी दर्ज हुई।
इस्माइलपुर-बिंद टोली तटबंध पर भी बढ़ा जलस्तर
बाढ़ नियंत्रण विभाग के अनुसार इस्माइलपुर-बिंद टोली स्थित स्पर-07 पर रविवार सुबह छह बजे गंगा का जलस्तर 28.46 मीटर दर्ज किया गया, जो पिछले 24 घंटे में 23 सेंटीमीटर बढ़ा है। इसके बावजूद नदी का पानी अभी तटबंध के तल (टो) तक नहीं पहुंचा है और स्थिति फिलहाल सुरक्षित बताई गई है।
कोसी नदी में भी बढ़ा जलस्तर
मधेपुरा जिले के मर्दानी गेज स्टेशन पर रविवार सुबह छह बजे कोसी नदी का जलस्तर 28.76 मीटर दर्ज किया गया। यहां पिछले 24 घंटे में जलस्तर में 10 सेंटीमीटर की वृद्धि हुई है। विभाग लगातार निगरानी बनाए हुए है।
प्रशासन की सतर्क निगरानी
जल संसाधन विभाग और बाढ़ नियंत्रण विभाग ने कहा है कि गंगा और कोसी के जलस्तर पर लगातार नजर रखी जा रही है। फिलहाल किसी भी स्थान पर खतरे जैसी स्थिति नहीं है, लेकिन नदी किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।


