अर्द्धवार्षिक परीक्षा के कारण आयोजन तिथि में बदलाव, 26 सितंबर तक चलेंगी प्रतियोगिताएँ
भागलपुर, 10 सितंबर 2025।बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, पटना के निदेशानुसार भागलपुर जिला प्रशासन ने जिलास्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता 2025-26 की तिथि में बदलाव किया है। अब यह प्रतियोगिता 23 से 26 सितंबर 2025 तक आयोजित होगी। उद्घाटन समारोह 23 सितंबर को सैनडिस्क कंपाउंड खेल परिसर, भागलपुर में आयोजित होगा।
क्यों बदली गई तारीख?
राज्य के विभिन्न विद्यालयों में चल रही अर्द्धवार्षिक परीक्षा को देखते हुए बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी के पत्र के आलोक में जिलाधिकारी भागलपुर के निर्देश पर आयोजन तिथि बदली गई।
निबंधन की प्रक्रिया
जिला खेल पदाधिकारी जयनारायण कुमार ने बताया कि इच्छुक विद्यालय 18 सितंबर तक अपना निबंधन जिला खेल पदाधिकारी कार्यालय, खेल भवन सह व्यायामशाला भवन, तिलकामांझी चौक, भागलपुर में करा सकते हैं।
- आवेदन पत्र निर्धारित प्रपत्र में ही स्वीकार होंगे।
- आवेदन विद्यालय प्रधान द्वारा नामित शिक्षक अथवा विद्यालय कर्मचारी के अग्रसारण पत्र के साथ जमा करना अनिवार्य है।
- सीधे विद्यालय से आवेदन पत्र स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
प्रतियोगिता से जुड़े नियम
- प्रतियोगिता में कक्षा 6 से 12 तक के नियमित छात्र-छात्राएं भाग ले सकते हैं।
- आयोजन तीन आयु वर्ग में होगा – अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19।
- एक खिलाड़ी केवल एक ही खेल विद्या में भाग ले सकेगा।
- आवेदन पत्र के साथ आधार कार्ड और पिछले वर्ष का अंक पत्र संलग्न करना होगा।
- दलिय खेलों में क्रिकेट को छोड़कर केवल पूर्ण टीम की प्रविष्टि स्वीकार होगी।
- क्रिकेट के लिए प्रतियोगिता के स्थान पर चयन ट्रायल आयोजित होगा।
- उम्र की गणना 31 दिसंबर 2025 के आधार पर होगी।
चयन और अवसर
जिला स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भागलपुर का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।
तैयारी और भागीदारी
खेल विभाग ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए कई समितियों का गठन किया है। निबंधन प्रक्रिया खेल भवन में शुरू हो चुकी है और अब तक लगभग 300 खिलाड़ियों ने फार्म जमा किया है।


