
भागलपुर, 18 जुलाई 2025: नगर विधानसभा सीट से आगामी चुनाव को लेकर भागलपुर में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। संपूर्ण वैश्य मंच के एक शिष्टमंडल ने कला, संस्कृति एवं युवा विभाग के मंत्री मोतीलाल प्रसाद से मुलाकात कर वैश्य समाज को राजनीतिक प्रतिनिधित्व देने की मांग की।
शिष्टमंडल ने मंत्री को ज्ञापन सौंपते हुए नगर विधानसभा क्षेत्र से वैश्य समाज के किसी प्रतिनिधि को उम्मीदवार बनाए जाने की अपील की। उन्होंने कहा कि वैश्य समाज की भूमिका लंबे समय से सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक क्षेत्र में अहम रही है, ऐसे में अब इस वर्ग को उचित प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए।
इस शिष्टमंडल का नेतृत्व भारतीय विश्वकर्मा महासंघ के अध्यक्ष विशाल आनंद ने किया। उनके साथ ठठेरा समाज के उपाध्यक्ष रूपेश कुमार, नगर पार्षद अमित कुमार ट्विंकल, स्वर्णकार संघ के पूर्व सचिव विजय कुमार साह, और वैश्य संघ के संयोजक रमण साह सहित कई प्रमुख सदस्य उपस्थित थे।
शिष्टमंडल ने बताया कि नगर विधानसभा क्षेत्र में वैश्य समाज की जनसंख्या अच्छी खासी है और समाज का हमेशा से चुनावों में निर्णायक योगदान रहा है। इसलिए इस बार उन्हें राजनीतिक हिस्सेदारी मिलनी चाहिए।
मंत्री मोतीलाल प्रसाद ने प्रतिनिधियों की बातों को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि समाज की भावनाओं और उनके योगदान को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा। उन्होंने आश्वस्त किया कि इस मांग को उचित मंच पर उठाया जाएगा।


