कोर्ट परिसर में बम स्क्वॉड–डॉग स्क्वॉड तैनात, SSP और सिटी एसपी ने मौके पर लिया जायजा
भागलपुर में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब भागलपुर सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी ई-मेल के जरिए दी गई। धमकी मिलते ही प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और पूरे कोर्ट परिसर को हाई अलर्ट पर डाल दिया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कोर्ट परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। हर आने-जाने वाले रास्ते पर सख्त निगरानी रखी जा रही है। मेटल डिटेक्टर से जांच की जा रही है, वहीं बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड को भी मौके पर बुलाया गया है।
कोर्ट में प्रवेश पर रोक, हर कोने की सघन तलाशी
एहतियातन फिलहाल कोर्ट परिसर में किसी भी व्यक्ति के प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। न्यायालय परिसर के भीतर और बाहर हर संदिग्ध वस्तु की गहन जांच की जा रही है, ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते टाला जा सके।
SSP–सिटी SP ने संभाला मोर्चा
धमकी की सूचना मिलते ही वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार और सिटी एसपी शैलेंद्र सिंह खुद व्यवहार न्यायालय पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद पुलिस बल को सतर्क रहने के निर्देश दिए।
ई-मेल भेजने वाले की तलाश में जुटी साइबर सेल
पुलिस ने धमकी भरे ई-मेल को गंभीरता से लेते हुए साइबर सेल को सक्रिय कर दिया है। ई-मेल कहां से और किसने भेजा, इसकी तकनीकी जांच की जा रही है। हर एंगल से मामले की पड़ताल की जा रही है।
स्थिति नियंत्रण में, लेकिन हाई अलर्ट जारी
फिलहाल प्रशासन का कहना है कि कोर्ट परिसर पूरी तरह सुरक्षित है, लेकिन किसी भी तरह की चूक से बचने के लिए सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।


