भागलपुर, 25 अक्टूबर 2025।लोक आस्था के महापर्व छठ की शुरुआत आज नहाय-खाय के साथ हो गई। भागलपुर के प्रमुख गंगा घाटों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। महिलाएं और पुरुष विधि-विधान के अनुसार गंगा स्नान करने के बाद पवित्र गंगाजल अपने घर लेकर गए।
शुद्ध गंगाजल से घरों में कद्दू-भात का प्रसाद तैयार किया गया, जिसे ग्रहण कर छठ व्रत की औपचारिक शुरुआत मानी जाती है। भागलपुर के घाटों पर स्थानीय श्रद्धालुओं के साथ-साथ मुंगेर, बांका और कटिहार जैसे आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में लोग भी पहुंचे।
छठ व्रती कल खरना का व्रत रखेंगे। इस दौरान व्रती गुड़ और चावल की खीर तथा रोटी का प्रसाद बनाएंगे। इसके बाद अगले दो दिनों तक डूबते और उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर व्रत का समापन होगा।
भागलपुर प्रशासन ने घाटों पर सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और साफ-सफाई की विशेष व्यवस्थाएं की हैं। पुलिस और प्रशासनिक कर्मचारियों की मौजूदगी सुनिश्चित की गई है ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की असुविधा न हो और पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो।
छठ महापर्व की इस शुरुआत से घाटों पर श्रद्धा और उत्साह का माहौल बन गया है। श्रद्धालुओं ने पारंपरिक व्रत नियमों का पालन करते हुए इस धार्मिक पर्व में भाग लिया।


