एयरपोर्ट सुरक्षा मानकों पर सख्ती: भागलपुर में 127 घरों पर चस्पा किया गया नोटिस, दस्तावेज लेकर नगर निगम पहुंचने का निर्देश

भागलपुर: भागलपुर में हवाई अड्डा क्षेत्र के सुरक्षा मानकों को लेकर नगर निगम ने कार्रवाई तेज कर दी है। एयरपोर्ट अथॉरिटी के निर्धारित मानकों के अनुरूप कराए गए सर्वे के आधार पर शहर के विभिन्न इलाकों में चिन्हित भवनों पर नोटिस चस्पा किया जा रहा है। बुधवार को नगर निगम की टीम ने 127 घरों पर नोटिस चस्पा कर संबंधित मकान मालिकों को आवश्यक कागजात के साथ निगम कार्यालय में उपस्थित होने का निर्देश दिया।

नगर निगम अधिकारियों के अनुसार तिलकामांझी, जवारीपुर, विक्रमशिला कॉलोनी, सच्चिदानंद नगर कॉलोनी समेत एयरपोर्ट के आसपास के इलाकों में कुल 845 भवनों को सर्वे के दौरान चिन्हित किया गया है। इन भवनों के मालिकों को चरणबद्ध तरीके से नोटिस जारी किए जा रहे हैं। मंगलवार से नोटिस वितरण की प्रक्रिया शुरू की गई थी, जिसे आगे भी जारी रखा जाएगा।

दस्तावेजों की होगी जांच

नगर निगम ने नोटिस प्राप्त करने वाले लोगों से भवन निर्माण से जुड़े सभी आवश्यक दस्तावेज लेकर निगम कार्यालय में उपस्थित होने को कहा है। अधिकारियों का कहना है कि दस्तावेजों की जांच के बाद यह तय किया जाएगा कि संबंधित भवन निर्धारित मानकों के अनुरूप है या नहीं।

11 मीटर से अधिक ऊंचाई पर होगी कार्रवाई

नगर निगम के अनुसार हवाई अड्डा क्षेत्र में आने वाले भवनों की अधिकतम अनुमत ऊंचाई 11 मीटर निर्धारित है। यदि किसी भवन का निर्माण इससे अधिक ऊंचाई तक किया गया है या निर्माण में निर्धारित मानकों की अनदेखी की गई है, तो संबंधित भवन स्वामी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

सर्वे में जुटी रही निगम की टीम

अधिकारियों ने बताया कि सर्वे के दौरान भवनों की ऊंचाई, स्थान, निर्माण की स्थिति और अन्य तकनीकी बिंदुओं की जांच की गई है। इसी रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। नगर निगम का कहना है कि पूरी प्रक्रिया एयरपोर्ट सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की जा रही है।

लोगों से सहयोग की अपील

नगर निगम ने भवन स्वामियों से अपील की है कि वे समय पर निगम कार्यालय पहुंचकर अपने दस्तावेज प्रस्तुत करें और जांच प्रक्रिया में सहयोग करें। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

  • ये भी पढ़े..

    सीवान के उत्पाद निरीक्षक पर आय से अधिक संपत्ति का मामला, पटना, मुंगेर और सीवान समेत पांच ठिकानों पर EOU की बड़ी कार्रवाई

    Share Add as a preferred…

    ग्रेटर नोएडा में सड़क हादसे में बिहार के तीन मजदूरों की मौत, तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की टक्कर से उजड़ गए तीन परिवार

    Share Add as a preferred…