टी20 वर्ल्ड कप 2026 जीत के बाद BCCI का बड़ा ऐलान, ‘NAMAN’ अवॉर्ड सेरेमनी में सम्मानित होंगी 5 वर्ल्ड चैंपियन टीमें

सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया है। इस शानदार जीत के बाद पूरे देश में जश्न का माहौल है। इसी बीच भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने बड़ा ऐलान किया है।

दरअसल, BCCI 15 मार्च को नई दिल्ली में अपनी सालाना अवॉर्ड सेरेमनी ‘NAMAN’ का आयोजन करने जा रहा है। इस समारोह में पिछले दो सालों के दौरान भारत के लिए ICC ट्रॉफी जीतने वाली पांच टीमों को सम्मानित किया जाएगा। इसमें पुरुष, महिला और जूनियर स्तर की टीमें भी शामिल होंगी। BCCI के सचिव देवजीत सैकिया ने खुद इसकी जानकारी दी है।

इन 5 वर्ल्ड चैंपियन टीमों को मिलेगा सम्मान

BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने मंगलवार (10 मार्च) को IANS से बातचीत में बताया कि 15 मार्च को नई दिल्ली में ICC टूर्नामेंट जीतने वाली भारतीय टीमें अपने खिलाड़ियों, कोच और सपोर्ट स्टाफ के साथ सम्मानित की जाएंगी।

इस समारोह में 2026 टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम इंडिया के अलावा 2025 महिला वनडे वर्ल्ड कप, 2025 अंडर-19 महिला वर्ल्ड कप और 2025 अंडर-19 पुरुष वर्ल्ड कप जीतने वाली भारतीय टीमों को भी सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही 2025 चैंपियंस ट्रॉफी जीतने वाली टीम को भी इस खास कार्यक्रम में आमंत्रित किया जाएगा।

रोहित-विराट समेत कई स्टार खिलाड़ी होंगे शामिल

BCCI के इस भव्य समारोह में रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे सीनियर खिलाड़ियों की मौजूदगी भी देखने को मिल सकती है। इसके अलावा हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में महिला वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम भी इस कार्यक्रम का हिस्सा बनेगी।

वहीं, आयुष म्हात्रे और वैभव सूर्यवंशी जैसे खिलाड़ियों वाली अंडर-19 पुरुष वर्ल्ड कप विजेता टीम और शेफाली वर्मा की कप्तानी में अंडर-19 महिला वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम भी समारोह में शामिल होगी।

दिल्ली के फाइव स्टार होटल में होगा कार्यक्रम

रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह अवॉर्ड सेरेमनी दिल्ली एयरपोर्ट के पास किसी फाइव स्टार होटल में आयोजित की जाएगी। ऐसा इसलिए किया जा रहा है ताकि खिलाड़ी कार्यक्रम के बाद आसानी से अपनी-अपनी आईपीएल टीमों से जुड़ सकें।

गौरतलब है कि आईपीएल 2026 की शुरुआत 28 मार्च से होने वाली है और इसका शेड्यूल जल्द ही जारी किया जा सकता है।

  • Related Posts

    टी20 विश्व कप 2026 के बाद वेस्टइंडीज और साउथ अफ्रीका के खिलाड़ी कमर्शियल फ्लाइट से लौटेंगे घर, चार्टर्ड उड़ान रद्द

    Share Add as a preferred…

    Continue reading