खगड़िया | 26 अक्टूबर 2025 बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के बीच महागठबंधन के मुख्यमंत्री उम्मीदवार तेजस्वी यादव को रविवार को बड़ा झटका लगा। खगड़िया जिले के संसारपुर खेल मैदान में प्रस्तावित उनकी चुनावी रैली को प्रशासन ने अनुमति नहीं दी। प्रशासन ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के कार्यक्रम का हवाला देते हुए आवेदन को अस्वीकृत कर दिया।
प्रशासन ने अमित शाह के कार्यक्रम का दिया कारण
तेजस्वी यादव की सभा खगड़िया शहर के संसारपुर खेल मैदान में आयोजित होनी थी, जबकि उसी दिन जेएनकेटी मैदान में गृह मंत्री अमित शाह की रैली तय थी।
बीती रात प्रशासन की ओर से खगड़िया सदर सीट के कांग्रेस प्रत्याशी चंदन यादव को पत्र भेजकर सूचित किया गया कि तेजस्वी की सभा की अनुमति रद्द की जाती है।
पत्र में प्रशासन ने लिखा कि अमित शाह का कार्यक्रम पहले से निर्धारित था और सुरक्षा एवं प्रशासनिक कारणों से विपक्ष की सभा आयोजित नहीं की जा सकती।
कांग्रेस उम्मीदवार का आरोप — “प्रशासन बना बीजेपी का सहयोगी”
कांग्रेस प्रत्याशी चंदन यादव ने इस फैसले को “तानाशाही और संविधान के साथ खिलवाड़” बताया।
उन्होंने कहा —
“तेजस्वी यादव के कार्यक्रम को जानबूझकर रद्द किया गया है। चुनाव आयोग पूरी तरह से बीजेपी के इशारे पर काम कर रहा है। हमें पहले कहा गया था कि आप जब चाहें कार्यक्रम कर सकते हैं, लेकिन अचानक अस्वीकृति पत्र थमा दिया गया।”
गोगरी में तेजस्वी की जनसभा, अमित शाह पर कड़ा प्रहार
हालांकि प्रशासनिक रोक के बावजूद तेजस्वी यादव ने खगड़िया जिले के गोगरी में जनसभा कर महागठबंधन के उम्मीदवारों के समर्थन में प्रचार किया।
उन्होंने गृहमंत्री अमित शाह पर निशाना साधते हुए कहा —
“अमित शाह कहते हैं कि बिहार में जमीन नहीं है, इसलिए उद्योग नहीं लग सकते। अगर ऐसा है तो फिर वोट मांगने क्यों आते हैं?”
परबत्ता में डॉ. संजीव कुमार के लिए वोट की अपील
तेजस्वी यादव ने परबत्ता विधानसभा क्षेत्र से राजद प्रत्याशी डॉ. संजीव कुमार सिंह के समर्थन में कहा —
“संजीव कुमार सिंह ने हमेशा अपने क्षेत्र के स्वाभिमान और विकास के लिए आवाज उठाई है। लालू यादव जी ने इसलिए उन्हें टिकट दिया है। अब जनता की जिम्मेदारी है कि उन्हें भारी मतों से जीताएं।”
अलौली में भी की जनसभा
तेजस्वी यादव ने अलौली में राजद उम्मीदवार रामवृक्ष सदा के पक्ष में प्रचार करते हुए कहा —
“अगर नया और भ्रष्टाचारमुक्त बिहार बनाना है, तो खगड़िया की चारों सीटों पर महागठबंधन के उम्मीदवारों को जिताना होगा।”
तेजस्वी का तंज — “विपक्ष की रैलियों पर प्रशासन की मनमानी”
तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार में पहली बार ऐसा हो रहा है जब विपक्ष की सभाएं हैलीपैड के बहाने रद्द की जा रही हैं।
“देश के गृहमंत्री का हेलीकॉप्टर थोड़ी दूरी पर भी लैंड हो सकता था, लेकिन प्रशासन ने विपक्ष के कार्यक्रम को रद्द कर दिया। चुनाव आयोग को ऐसे मनमाने फैसलों पर कार्रवाई करनी चाहिए।”


