मधेपुरा का पचास हजार का इनामी और टॉप-10 सूची का कुख्यात अपराधी बलवंत सरदार गिरफ्तार

मधेपुरा, 7 सितंबर 2025-बिहार में अपराधियों के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हाथ लगी है। बिहार एसटीएफ की विशेष टीम ने मधेपुरा जिले के टॉप-10 कुख्यात अपराधियों की सूची में शामिल और पचास हजार रुपये के इनामी अपराधी बलवंत सरदार को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस ने जानकारी दी कि गिरफ्तार अपराधी की पहचान बलवंत सरदार, पिता गुमेश सरदार, निवासी बरियाही वार्ड संख्या 12, थाना शंकरपुर, जिला मधेपुरा के रूप में हुई है। उसे शंकरपुर थाना कांड संख्या 220/24, दिनांक 11.12.2024, धारा 317(4)/317(5)/3(5) बीएनएस के तहत दर्ज मामले में पकड़ा गया।

एसटीएफ ने गुप्त सूचना के आधार पर शंकरपुर थाना क्षेत्र में छापेमारी की और उसे दबोच लिया। बलवंत सरदार लंबे समय से फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।

कई जिलों में अपराध का नेटवर्क

पुलिस के अनुसार, बलवंत सरदार पर मधेपुरा, सुपौल और अररिया जिले के विभिन्न थानों में डकैती, लूट और आर्म्स एक्ट सहित कुल 15 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इन मामलों में उसकी सक्रिय संलिप्तता रही है और वह पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ था।

अधिकारियों का कहना है कि इस कुख्यात अपराधी की गिरफ्तारी से क्षेत्र में अपराध पर अंकुश लगेगा और इसके आपराधिक नेटवर्क को तोड़ने में मदद मिलेगी। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और उसके सहयोगियों की तलाश में जुटी है।


 

WhatsApp Channel VOB का चैनल JOIN करें
  • Related Posts

    नवगछिया पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 200 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ सरकारी डॉक्टर समेत 4 तस्कर गिरफ्तार, स्कॉर्पियो वाहन जब्त

    Continue reading
    समस्तीपुर के रोसड़ा में बड़ी कार्रवाई, डकैती की योजना बना रहे 7 अपराधी गिरफ्तार; दो लोडेड पिस्टल, जिंदा कारतूस, लूटी गई बाइक–स्कूटी और कैमरा बरामद

    Continue reading