मोकामा के विधायक अनंत सिंह को दुलारचंद हत्याकांड में जमानत मिल गई है। पटना हाईकोर्ट से राहत मिलने के बाद वे सोमवार को जेल से बाहर आएंगे। रिहाई के बाद वे सीधे अपने पटना स्थित विधायक आवास जाएंगे।
24 मार्च को करेंगे रोड शो
रिहाई के अगले दिन, मंगलवार 24 मार्च को अनंत सिंह अपने विधानसभा क्षेत्र में रोड शो करेंगे। यह रोड शो बाढ़ से बड़हिया महारानी स्थान मंदिर तक मोकामा होते हुए सड़क मार्ग से निकलेगा।
गिरफ्तारी और मामला
गौरतलब है कि 30 अक्टूबर 2025 को दुलारचंद यादव की हत्या के बाद 1 नवंबर 2025 को पुलिस ने बाढ़ के लदमा स्थित विधायक आवास से अनंत सिंह को गिरफ्तार किया था। लगभग चार महीने बाद अब उन्हें जमानत मिली है।
शर्तों के साथ मिली बेल
जस्टिस रुद्र प्रकाश मिश्रा की एकलपीठ ने मामले की सुनवाई के बाद शर्तों के साथ जमानत दी है। अदालत ने स्पष्ट किया है कि यदि अनंत सिंह गवाहों को प्रभावित करने या धमकाने की कोशिश करते हैं, तो उनकी जमानत तुरंत रद्द की जा सकती है। साथ ही, उन्हें हर सुनवाई में कोर्ट में उपस्थित रहना अनिवार्य होगा।
दुलारचंद हत्याकांड क्या है?
30 अक्टूबर 2025 को मोकामा विधानसभा क्षेत्र में चुनाव प्रचार के दौरान दुलारचंद यादव की हत्या हुई थी। इस मामले में अनंत सिंह समेत कई लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। घटना के दौरान जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी पीयूष प्रियदर्शी और अनंत सिंह के समर्थकों के बीच झड़प हुई थी।
कैसे मिली जमानत
अनंत सिंह पर आरोप था कि उन्होंने दुलारचंद यादव के पैर में गोली मारी थी, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण लाठी से पिटाई और गाड़ी से कुचलना बताया गया है। रिपोर्ट में शरीर पर गंभीर चोटें, पसलियों के टूटने और फेफड़ों के फटने की बात सामने आई।
इसके अलावा, पुलिस के बयानों में भी घटनास्थल पर अनंत सिंह की मौजूदगी स्पष्ट रूप से साबित नहीं हो सकी। इन्हीं आधारों पर कोर्ट ने उन्हें जमानत देने का फैसला किया।
चुनाव में जीत
गिरफ्तारी के बावजूद अनंत सिंह ने जेल में रहते हुए मोकामा सीट से चुनाव जीता था। उन्होंने राजद उम्मीदवार वीणा देवी को बड़े अंतर से हराया था।


