नीतीश कुमार से मिले बाहुबली अनंत सिंह, पटना में अशोक चौधरी के आवास पर हुई अहम मुलाकात

पटना। बिहार विधानसभा चुनाव से पहले सियासी हलचल तेज हो गई है। मोकामा के बाहुबली नेता और पूर्व विधायक अनंत सिंह ने शनिवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की। यह मुलाकात जेडीयू मंत्री अशोक चौधरी के पटना स्थित आवास पर हुई।

मुलाकात के दौरान अनंत सिंह के बेटे ने भी मुख्यमंत्री से आशीर्वाद लिया। अशोक चौधरी ने सोशल मीडिया पर तस्वीर साझा करते हुए लिखा— “आज पटना आवास पर हमारे अभिभावक, बिहार के यशस्वी मुख्यमंत्री जी का शुभागमन हुआ। उनसे मिलकर आशीर्वाद लिया। इस दौरान मोकामा से पूर्व विधायक अनंत सिंह, नागरिक परिषद के महासचिव भाई छोटू सिंह एवं अन्य साथीगण भी मौजूद रहे।”

अनंत सिंह की बदलती राजनीतिक राह

फिलहाल मोकामा सीट से उनकी पत्नी नीलम देवी आरजेडी विधायक हैं। 2020 में नीतीश कुमार से नाराजगी के बाद अनंत सिंह आरजेडी के टिकट पर चुनाव लड़े और फिर उपचुनाव में अपनी पत्नी को प्रत्याशी बनाया। लेकिन अब हालात बदलते दिख रहे हैं। 2024 लोकसभा चुनाव में अनंत सिंह दंपती ने जेडीयू और एनडीए के लिए प्रचार भी किया था।

जनवरी 2024 में जब नीतीश कुमार ने महागठबंधन छोड़कर एनडीए का दामन थामा, तब विश्वास मत के दौरान नीलम देवी ने भी एनडीए के पक्ष में वोट दिया था। इसके बाद से ही दोनों की नजदीकियां लगातार बढ़ रही हैं।

मोकामा की राजनीति में मजबूत पकड़

अनंत सिंह 2005 से 2020 तक लगातार मोकामा से विधायक रहे। उन्होंने 2005 और 2010 में जेडीयू के टिकट पर, 2015 में निर्दलीय और 2020 में आरजेडी से चुनाव लड़ा और जीत हासिल की। हालांकि, एके-47 बरामदगी मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद उनकी विधायकी चली गई और उपचुनाव में पत्नी नीलम देवी विधायक बनीं।

अब अनंत सिंह ने साफ कर दिया है कि वह आगामी विधानसभा चुनाव खुद लड़ना चाहते हैं। उनकी सक्रियता और नीतीश कुमार से बढ़ती नजदीकी मोकामा की राजनीति को एक बार फिर दिलचस्प बना रही है।


 

WhatsApp Channel VOB का चैनल JOIN करें
  • Related Posts

    सिवान में रंगदारी का सनसनीखेज मामला, सांसद और विधायक को मिली जान से मारने की धमकी

    Continue reading
    नालंदा में उम्रदराज महिलाओं ने दी परीक्षा, साक्षरता अभियान में बढ़ा उत्साह

    Continue reading