नवगछिया में नगर परिषद की पूर्व अध्यक्ष के घर पर हमला, पथराव और तोड़फोड़

नवगछिया। नवगछिया नगर परिषद की पूर्व अध्यक्ष रेखा देवी के आवास पर मंगलवार की दोपहर उपद्रवियों ने पथराव और तोड़फोड़ की। घटना के संबंध में अध्यक्ष की बहू रूपलक्ष्मी देवी ने नवगछिया थाना में आवेदन देकर भीड़ द्वारा घर में घुसने की कोशिश और धमकी दिए जाने की शिकायत की है।

रूपलक्ष्मी देवी ने बताया कि 9 जुलाई को दोपहर 2 बजे, गांव के लगभग 250 महिला-पुरुष तेज धारदार हथियार, तलवार, फरसा, भाला और लाठी के साथ पहुंचे और आवास पर हमला कर दिया। पथराव किया गया और मुख्य द्वार को तोड़ने का प्रयास किया गया। हालांकि, प्रशासन के पहुंचने से पहले ही उपद्रवी फरार हो गए

आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि कुछ जनप्रतिनिधियों द्वारा प्राथमिकी दर्ज नहीं करने की धमकी दी जा रही है। धमकी में कहा गया कि यदि केस किया गया तो धार्मिक प्रतीक जलाने के झूठे मामले में रेखा देवी के देवर और परिवार के अन्य सदस्यों को फंसा दिया जाएगा। रूपलक्ष्मी देवी ने अपनी और परिवार की जान-माल की सुरक्षा को लेकर पुलिस से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

पूर्व अध्यक्ष के पुत्र अजित पटेल ने बताया कि घटना के समय घर में सिर्फ महिलाएं थीं, जो बेहद डरी हुई हैं। उन्होंने कहा कि कुछ लोग बेबुनियाद आरोप लगा रहे हैं, जबकि वे उस समय भागलपुर के सांसद अजय मंडल के साथ मौजूद थे।

सांसद अजय मंडल ने घटना की जानकारी मिलने के बाद रात्रि में मनिया मोड़ पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि “धार्मिक प्रतीक जलाने और घर पर हमले की घटनाएं अलग-अलग मामले हैं। दोनों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।” उन्होंने एसडीपीओ को फोन कर सीसीटीवी फुटेज देखने और उचित कार्रवाई की मांग की। सांसद के साथ भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष विनोद मंडल और बीरेंद्र सिंह भी मौके पर पहुंचे।

नवगछिया थाना अध्यक्ष रवि शंकर सिंह ने बताया कि धार्मिक प्रतीक जलाने को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद यह हमला हुआ। पुलिस क्षेत्र में तैनात है और दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है। दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी


 

  • Related Posts

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *