भागलपुर, 17 जुलाई 2025: पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता अश्विनी चौबे ने एक कार्यक्रम के दौरान नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव की राजनीति का मकसद सिर्फ मुख्यमंत्री बनना रह गया है।
चौबे ने कहा, “ऐसा लगता है कि उनका जन्म ही मुख्यमंत्री बनने के लिए हुआ है। ना पढ़ाई, ना लिखाई… सिर्फ मुख्यमंत्री बनने की चाह।”
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि तेजस्वी यादव का पूरा परिवार भ्रष्टाचार का पर्याय बन गया है। “रेलवे में नौकरी के नाम पर जमीन हड़पने का काम किया गया। जब जांच होती है तो केंद्र सरकार पर आरोप लगाया जाता है। भ्रष्टाचार और अपराध करने वालों पर कार्रवाई होगी ही,” चौबे ने कहा।
नीतीश कुमार को बताया एनडीए का चेहरा
एक सवाल के जवाब में अश्विनी चौबे ने कहा कि भाजपा ने तय कर लिया है कि आगामी विधानसभा चुनाव में एनडीए का चेहरा नीतीश कुमार होंगे। उन्होंने कहा, “हमारी पार्टी ने निर्णय लिया है और यह स्वागतयोग्य है। एनडीए पूरी तरह संगठित है, जबकि विपक्षी गठबंधन ठगबंधन है।”
कड़े शब्दों में की आलोचना
अश्विनी चौबे ने तेजस्वी यादव को “इलार-बिलार” कहते हुए यह भी कहा कि “दुष्कर्म करेंगे, जेल नहीं जाएंगे, ईडी का छापा नहीं पड़ेगा – तो क्या अगरबत्ती दिखाई जाएगी?” उन्होंने कहा कि “इस प्रकार की राजनीति अब चलने वाली नहीं है, जनता सब जानती है।”


