समृद्धि यात्रा के तहत सीतामढ़ी के बेलसंड पहुंचे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, 554 करोड़ से अधिक की योजनाओं की सौगात

समृद्धि यात्रा कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सोमवार को सीतामढ़ी जिले के बेलसंड पहुंचे, जहां उन्होंने 554 करोड़ रुपये से अधिक की विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने 346 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली 41 योजनाओं का शिलान्यास तथा 208.12 करोड़ रुपये की लागत से पूरी हुई 26 योजनाओं का उद्घाटन किया।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने जिले में संचालित विकासात्मक एवं कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा, निरीक्षण और जनसंवाद भी किया। सभी कार्यक्रम बेलसंड में आयोजित किए गए, जहां सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।

चंदौली घाट पुल का उद्घाटन

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पटना से हेलीकॉप्टर द्वारा बेलसंड पहुंचे। अपने दौरे की शुरुआत उन्होंने बेलसंड–मीनापुर पथ पर चंदौली घाट स्थित 7,089.38 लाख रुपये की लागत से निर्मित उच्चस्तरीय आरसीसी पुल एवं पहुंच पथ के उद्घाटन से की।

बागमती तटबंध और विद्यालय का निरीक्षण

इसके बाद मुख्यमंत्री ने बागमती तटबंध का निरीक्षण किया और फिर हितनारायण उच्च विद्यालय, चंदौली पहुंचे। विद्यालय परिसर में उन्होंने पर्यावरण आधारित नक्षत्र वाटिका और पुस्तकालय का उद्घाटन किया।

योजनाओं का सामूहिक उद्घाटन और स्टॉल निरीक्षण

इसी परिसर से मुख्यमंत्री ने जिले की विभिन्न योजनाओं का सामूहिक रूप से शिलान्यास एवं उद्घाटन किया। साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा संचालित विकासात्मक और कल्याणकारी योजनाओं से जुड़े स्टॉल का निरीक्षण भी किया।

बोधायन लाइव क्लासेस का अवलोकन

समृद्धि यात्रा के क्रम में मुख्यमंत्री ने सीतामढ़ी में संचालित बोधायन ऑनलाइन लाइव क्लासेस की कार्यप्रणाली और उपयोगिता को भी देखा। जिलाधिकारी रिची पांडेय की पहल पर शुरू की गई इस योजना के तहत प्रतिभावान शिक्षक माध्यमिक स्तर के छात्र-छात्राओं को लाइव कक्षाओं के माध्यम से पाठ्यक्रम पढ़ाते हैं।

इन योजनाओं का हुआ शिलान्यास

मुख्यमंत्री द्वारा किए गए शिलान्यास में भवन निर्माण विभाग की 321.93 करोड़ रुपये की 37 योजनाएं शामिल हैं। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग की 6.30 करोड़ रुपये की एक योजना, अल्पसंख्यक कल्याण विभाग की 8.85 करोड़ रुपये की एक योजना, पुल निर्माण निगम की 7.85 करोड़ रुपये की एक योजना तथा एलएईओ पुपरी की 1.70 करोड़ रुपये की एक योजना का शिलान्यास किया गया।

इन योजनाओं का हुआ उद्घाटन

उद्घाटन की गई योजनाओं में पुल निर्माण निगम की 80.44 करोड़ रुपये की दो योजनाएं, स्वास्थ्य विभाग की 2.55 करोड़ रुपये की पांच योजनाएं, एलएईओ पुपरी की 28.94 लाख रुपये की एक योजना, एलएईओ सीतामढ़ी की 9.30 करोड़ रुपये की तीन योजनाएं, पथ निर्माण विभाग की 89.32 करोड़ रुपये की दो योजनाएं, भवन निर्माण निगम की 4.69 करोड़ रुपये की एक योजना, ग्रामीण कार्य विभाग की 5.79 करोड़ रुपये की छह योजनाएं तथा पुलिस भवन निर्माण निगम की 16.19 करोड़ रुपये की छह योजनाएं शामिल हैं।

चाक-चौबंद रही सुरक्षा व्यवस्था

मुख्यमंत्री के परिभ्रमण को लेकर जिला प्रशासन द्वारा कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए थे। कार्यक्रम स्थल सहित सभी प्रमुख चौक-चौराहों पर दंडाधिकारी और पुलिस अधिकारियों की तैनाती की गई थी। जिलाधिकारी रिची पांडेय और पुलिस अधीक्षक अमित रंजन ने कार्यक्रम से पहले संयुक्त ब्रीफिंग कर भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक निर्देश दिए।

जांच के बाद ही मिला प्रवेश

बेलसंड एसडीओ और एसडीपीओ को विधि-व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंपी गई थी, जबकि यातायात व्यवस्था की निगरानी डीएसपी ट्रैफिक कर रहे थे। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने वाले सभी लोगों को सुरक्षा जांच के बाद ही प्रवेश की अनुमति दी गई। स्वान दस्ता, मेटल डिटेक्टर, डीप सर्च मेटल डिटेक्टर के साथ-साथ वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी के माध्यम से हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही थी।

  • Related Posts

    फॉर्मर आईडी पर सदन में गरमाया मामला, मंत्री बोले—किसी किसान का लाभ नहीं रुका

    Share Add as a preferred…

    Continue reading
    विधान परिषद में उठा बंद फैक्ट्रियों का मुद्दा, उद्योग मंत्री का बड़ा दावा—अगले सत्र से पहले लगेंगे 1000 उद्योग

    Share Add as a preferred…

    Continue reading